डिम्पल और मुदित बने स्कूल कैप्टन, चारों सदनों में छात्र परिषद का गठन; विद्यार्थियों ने ली कर्तव्यनिष्ठा की शपथ
खेतड़ी। झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
खेतड़ीनगर स्थित केंद्रीय विद्यालय में विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के उद्देश्य से छात्र परिषद अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विद्यालय के नवनियुक्त छात्र पदाधिकारियों को उनके पद एवं दायित्व के अनुरूप बैज प्रदान कर अलंकृत किया गया तथा उन्हें कर्तव्यों के निष्ठापूर्वक निर्वहन की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के प्राचार्य के. एल. मीना रहे, जबकि अध्यक्षता मुख्याध्यापक मनोज कुमार वर्मा ने की। समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। समारोह के दौरान डिम्पल एवं मुदित को विद्यालय का स्कूल कैप्टन चुना गया। इसके साथ ही विद्यालय के शिवाजी, टैगोर, अशोका एवं रमन सदनों की छात्र परिषद का भी गठन किया गया। नवनियुक्त छात्र पदाधिकारियों को बैज प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके बाद छात्र परिषद के सदस्यों ने अपने पद की गरिमा बनाए रखने तथा सौंपे गए दायित्वों का ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ निर्वहन करने की शपथ ली। इस अवसर पर प्राचार्य के. एल. मीना ने नवनियुक्त छात्र पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, अनुशासन और सेवा का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से विद्यालय की गरिमा एवं अनुशासन को बनाए रखते हुए अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया। मुख्याध्यापक मनोज कुमार वर्मा ने भी नवगठित छात्र परिषद के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थी विद्यालय के विकास एवं सकारात्मक वातावरण निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने छात्र पदाधिकारियों को अपने नेतृत्व के माध्यम से अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम का मंच संचालन लोकेश कुमार ने प्रभावी ढंग से किया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह एवं उमंग का माहौल रहा। छात्र परिषद के गठन से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन, निर्णय लेने की क्षमता एवं सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना को बढ़ावा मिला।











