Advertisement
Home राजस्थान चूरू बूंटिया में नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-2 शुरू, तनवीर खान ने किया शुभारंभ

बूंटिया में नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-2 शुरू, तनवीर खान ने किया शुभारंभ

आतिशबाजी, गाजे-बाजे और रथ के साथ हुआ भव्य स्वागत; विजेता को ₹1,11,111 और उपविजेता टीम को ₹51,111 का पुरस्कार

चूरू। जिला मुख्यालय के निकटवर्ती गांव बुटिया में खेल प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित श्री बाबा बालक नाथ रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता सीजन-2 का भव्य शुभारंभ हुआ। तियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि तनवीर खान ने फीता काटकर एवं पिच पर पहली गेंद खेलकर किया।मुख्य अतिथि के गांव पहुंचने पर ग्रामवासियों और खेल प्रेमियों ने आतिशबाजी, गाजे-बाजे और रथ के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत समारोह के चलते पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।प्रतियोगिता का आयोजन श्री निरंजन नाथ महाराज के आशीर्वाद से किया जा रहा है। उद्घाटन अवसर पर सरपंच बंशीधर मेघवाल, उपसरपंच सोनू जोगी, पूर्व सरपंच रामेश्वर लाल कस्वां, मोहर सिंह कस्वां, डॉक्टर रामचंद्र प्रजापत, हनुमान राम कस्वां, दिलीप स्वामी, बशीर खान एवं उनकी टीम, रामचंद्र लाखाऊ, ओमप्रकाश पूनिया लाखाऊ, प्रेम सिंह तंवर लाखाऊ और मनीराम मेघवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।

तनवीर खान बोले—ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे लाने का बेहतर मंच

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि तनवीर खान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन बेहद सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उनमें अनुशासन, टीम भावना और भाईचारे का विकास करते हैं।उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि मैदान पर हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना के साथ प्रदर्शन करना है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और ऐसे टूर्नामेंट युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने तथा उसे निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।

विजेता को 1.11 लाख, उपविजेता को 51 हजार रुपये

आयोजन समिति ने प्रतियोगिता को आकर्षक बनाने के लिए खिलाड़ियों और टीमों के लिए कई पुरस्कार घोषित किए हैं। प्रतियोगिता की विजेता टीम को ₹1,11,111 नकद और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को ₹51,111 नकद एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।इसके अलावा पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को मैन ऑफ द सीरीज के रूप में ₹5,100 का विशेष पुरस्कार दिया जाएगा।

फ्लड लाइट में शुरू हुआ क्रिकेट का रोमांच

उद्घाटन के बाद फ्लड लाइट की दूधिया रोशनी में उद्घाटन मैच खेला गया। मुकाबला देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्रिकेट प्रेमी मैदान के आसपास जुटे रहे। रात के समय रोशनी से जगमगाते मैदान में खिलाड़ियों के चौके-छक्कों और गेंदबाजी के रोमांच ने दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।आयोजन समिति के अनुसार सीजन-2 में क्षेत्र की कई नामी क्रिकेट टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के साथ दर्शकों के लिए भी खेल का रोमांच बनाए रखने की तैयारियां की गई हैं।तनवीर खान के साथ पहुंचे आसिफ खान, विक्की कस्वां, जाबीर खान, राकेश शर्मा, नासिर खान एडवोकेट और साजिद खान सहित अन्य लोगों का भी आयोजन समिति एवं ग्रामीणों ने स्वागत किया।कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने तथा खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।

एआईसीसी मेंबर तनवीर खान ने बूंटिया में किया बालक नाथ जी नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ

Advertisement