संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा, निष्पक्ष एवं भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के दिए निर्देश; काजड़ा में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर जिले में प्रशासन एवं पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला कलेक्टर अरूण गर्ग एवं जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर ने बुधवार को सूरजगढ़, पिलानी एवं मंड्रेला क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं एसपी ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, मतदान केंद्रों की संवेदनशीलता तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की बारीकी से समीक्षा की। दोनों अधिकारियों ने मौके पर मौजूद संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से मतदान केंद्रों तथा आसपास के क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नगरीय निकाय चुनाव के दौरान मतदाताओं को किसी भी प्रकार का भय या दबाव महसूस नहीं होना चाहिए। मतदान प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने मतदान केंद्रों पर प्रवेश एवं निकास की सुचारू व्यवस्था, पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा।दौरे के दौरान अधिकारियों ने चुनाव से संबंधित व्यवस्थाओं के साथ-साथ क्षेत्र में चल रहे मेले एवं अन्य आयोजनों को लेकर भी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि चुनाव और मेले का सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन आपसी समन्वय और सतर्कता के साथ सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
काजड़ा में पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
दौरे के दौरान जिला कलेक्टर अरूण गर्ग एवं जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर ने पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, काजड़ा में पौधारोपण भी किया। अधिकारियों ने पौधारोपण को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए अधिकाधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल के लिए जागरूकता का संदेश दिया। चुनाव तैयारियों के निरीक्षण और पौधारोपण के जरिए प्रशासन ने एक ओर जहां शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त मतदान का संदेश दिया, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी जताई।










