नारेबाजी कर विद्यार्थियों ने जताया आक्रोश, प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन; रिक्त पद भरने, छात्रावास, वाई-फाई, सुरक्षा व मूलभूत सुविधाओं की मांग
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE


झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
शहर के श्री राधेश्याम आर. मोरारका राजकीय महाविद्यालय में विद्यार्थियों की मूलभूत सुविधाओं, शैक्षणिक व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी ) के कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने महाविद्यालय परिसर में नारेबाजी कर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के बाद प्राचार्य को 20 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई।एबीवीपी जिला संयोजक नितेश तिवाड़ी ने कहा कि महाविद्यालय परिसर में नियमित साफ-सफाई एवं स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विद्यार्थियों को सकारात्मक एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पार्क में युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापित करने की मांग भी रखी गई। नगर मंत्री जितेंद्र सिंह कुमावत ने कहा कि महाविद्यालय में शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक पद रिक्त होने से शिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने सभी रिक्त पदों को शीघ्र भरने, पुस्तकालय में नवीन पाठ्यक्रम के अनुरूप पर्याप्त पुस्तकें उपलब्ध कराने तथा विद्यार्थियों की संख्या कम होने पर भी नियमित कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करने की मांग की। नगर सह मंत्री वंशदीप शेखावत ने विद्यार्थियों के लोकतांत्रिक अधिकारों का मुद्दा उठाते हुए छात्रसंघ चुनाव शीघ्र बहाल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए शिकायत पेटिका के साथ ऑनलाइन शिकायत व्यवस्था शुरू की जाए तथा सभी विद्यार्थियों को समय पर आईडी कार्ड उपलब्ध करवाए जाएं।
इकाई अध्यक्ष सुरभि पुरोहित ने छात्राओं से जुड़ी सुविधाओं पर जोर देते हुए गर्ल्स कॉमन रूम को आवश्यक सुविधाओं के साथ व्यवस्थित करने की मांग की। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क व सुचारू वाई-फाई, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र और नए छात्रावास की व्यवस्था करने की मांग रखी। इसके साथ ही खेल मैदान के विकास एवं समतलीकरण तथा छात्र-छात्राओं के लिए पर्याप्त साइकिल एवं वाहन पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई। झुंझुनूं विभाग संगठन मंत्री बलवीर सैनी ने महाविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कहा कि परिसर में विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई जाए। मुख्य द्वार पर स्थायी सुरक्षा गार्ड एवं गार्ड रूम की व्यवस्था की जाए तथा बाहरी व्यक्तियों के अनावश्यक प्रवेश पर रोक लगाई जाए। उन्होंने परिसर में विद्युत तारों के सुरक्षित एवं सुनियोजित प्रबंधन की आवश्यकता भी बताई। उन्होंने विद्यार्थियों के शैक्षणिक हित में हस्तलिखित प्रोजेक्ट कार्य जमा कराने की उचित व्यवस्था करने तथा 75 प्रतिशत उपस्थिति की अनिवार्यता का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की संख्या कम होने को कक्षाओं के संचालन में बाधा नहीं बनने दिया जाना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने “विद्यार्थियों की मांगें पूरी करो”, “छात्रसंघ चुनाव बहाल करो”, “रिक्त पदों को शीघ्र भरो” और “विद्यार्थियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाओ” सहित विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र है, ऐसे में शिक्षा व्यवस्था, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय प्रशासन से 20 सूत्रीय मांगों पर शीघ्र सकारात्मक एवं प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान प्रांत एसएफएस टोली संयोजक अभय सिंह, नगर राष्ट्रीय कला मंच संयोजक निशु वर्मा, योगिता पुरोहित, वंदना सैनी, तनीषा कुमारी, सुहाना बारी, अनुराग, ललित सैनी, सुमित शर्मा, सौरभ बुडानिया, योगिता, तमन्ना, आर्यन शर्मा, राहुल कुमार, जोगेंद्र एवं आफताब खान सहित बड़ी संख्या में एबीवीपी कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।












