खेतड़ी क्षेत्र में बदला मौसम का मिजाज, तेज बारिश और ओलावृष्टि से मिली गर्मी से राहत

खेतड़ी I झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
खेतड़ी क्षेत्र में सूरज के तीखे तेवरों और भीषण गर्मी के बाद देर शाम को मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज बारिश और ओलावृष्टि से पूरे क्षेत्र में मौसम सुहाना हो गया तथा लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली। बारिश शुरू होने के कुछ ही देर बाद तेज बौछारों के साथ ओले गिरने लगे, जिससे सड़कों, छतों और खुले मैदानों पर सफेद चादर सी बिछ गई। खेतड़ी सहित मेहाड़ा, मानोता जाटान, लोयल, ढाणी बाढ़ान, पपुरना और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई। रात के समय हुई इस ओलावृष्टि और बरसात से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दिन में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिसके कारण दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। वहीं शाम को अचानक आसमान में काले बादल छाने लगे और ठंडी हवाएं चलने लगीं। देखते ही देखते हवा की रफ्तार बढ़ गई और उसने आंधी का रूप ले लिया। तेज हवाओं के साथ धूल और मिट्टी उड़ने लगी, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आंधी थमने के बाद बादलों की गड़गड़ाहट तेज हो गई और रात करीब पौने नौ बजे तेज गर्जना के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। सूखी धरती पर बारिश की बूंदें गिरते ही वातावरण में ठंडक घुल गई और लोगों ने राहत की सांस ली। रातभर बादलों की तेज गड़गड़ाहट और बिजली की कड़कड़ाहट का दौर जारी रहा। मौसम विभाग के अनुसार खेतड़ी सहित उत्तर-पूर्वी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में 31 मई तक मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चल सकता है। आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी तथा कई स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने के आसार हैं। मौसम में आए इस बदलाव के कारण 30 मई के बाद हीटवेव का प्रभाव कमजोर पड़ने लगेगा। दिन और रात के तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज होने की संभावना है। अगले दो दिनों तक दोपहर बाद तेज अंधड़ और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।मौसम विभाग का मानना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इससे क्षेत्र में गर्मी का असर कम रहेगा और आगामी दिनों में लोगों को राहत मिलने की संभावना बनी रहेगी।