विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव बताए, नशा नहीं करने की दिलाई शपथ
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE

हनुमानगढ़।हिमांशु मिड्ढा
जंक्शन स्थित हाउसिंग बोर्ड में बेबी हैप्पी शिक्षा समिति द्वारा संचालित आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल में प्रजापति ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से चलाए जा रहे 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के तहत जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और समाज को नशामुक्त बनाने में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।कार्यशाला में बहन खुशबू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे से होने वाली शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक हानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशे की आदत व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से हमेशा दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।बहन खुशबू ने विद्यार्थियों को समझाया कि युवा वर्ग समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। यदि विद्यार्थी स्वयं नशे से दूर रहने का संकल्प लें और अपने मित्रों व परिजनों को भी नशे के खिलाफ प्रेरित करें, तो नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में प्रभावी कदम उठाया जा सकता है।कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को नशा नहीं करने तथा आमजन को नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ शपथ लेते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का संकल्प लिया।विद्यालय निदेशक रामस्वरूप भाटी एवं प्रधानाचार्य अनुपमा विजय ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कार्यशाला में मिली जानकारी को अपने परिवार एवं आसपास के लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। इस मौके पर विद्यालय प्रधानाचार्य अनुपमा विजय, आदर्श शिक्षा समिति निदेशक रामस्वरूप भाटी, नितेश, संतोष यादव, ममता वर्मा, लक्ष्मी, पायल, पुष्पेन्द्र, सरला, पुष्पा, सुमन वर्मा मौजूद थे।














