‘गो ग्रीन’ अभियान के जरिए विद्यार्थियों और आमजन को पर्यावरण संरक्षण का संदेश
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE

हनुमानगढ़।हिमांशु मिड्ढा
पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘एक कदम हरियाली की ओर’ अभियान के तहत श्रीगंगानगर एवं हनुमानगढ़ जिले में ‘गो ग्रीन’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से दोनों जिलों को हरा-भरा बनाने के लक्ष्य के साथ कुल 11 हजार पौधे लगाने एवं वितरित करने का संकल्प लिया गया है। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित करने के साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल के प्रति जागरूक करना है।आयोजन समिति सदस्य अंजनी गोदारा एवं धनराज गोदारा के मार्गदर्शन में शुरू किए गए इस अभियान के तहत सरकारी विद्यालयों सहित विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण एवं पौधों का वितरण किया जा रहा है। अभियान में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाते हुए उन्हें अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि बच्चों और युवाओं में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना अभियान की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।अभियान को सफल बनाने में किसान फर्स्ट नर्सरी, मौजगढ़, अबोहर के जयवीर जाखड़ एवं रुद्रा श्री जाखड़ की ओर से महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया जा रहा है। अंजनी गोदारा, धनराज गोदारा, जयवीर जाखड़ एवं रुद्रा श्री जाखड़ ने अभियान में सहयोग कर रहे सरकारी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों की ओर से ‘गो ग्रीन’ मिशन को आगे बढ़ाने में उत्साहपूर्वक सहयोग किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक संस्था या संगठन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। बढ़ते प्रदूषण और घटती हरियाली को देखते हुए पौधारोपण के साथ पौधों की देखभाल करना भी जरूरी है। केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर उन्हें नियमित पानी देने और सुरक्षित रखने से ही अभियान का उद्देश्य पूरा हो सकेगा।सोनाक टोयोटा एवं किसान फर्स्ट नर्सरी, मौजगढ़, अबोहर की ओर से आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया गया। आयोजकों ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरा-भरा एवं बेहतर पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।













