हनुमानगढ़ में हिरोशिमा-नागासाकी दिवस मनाया, विश्व शांति और परमाणु हथियारों के खात्मे का आह्वान

राजीव गांधी स्टेडियम में सेमिनार आयोजित, चिकित्सकों ने युद्ध के स्वास्थ्य पर दुष्प्रभावों से कराया अवगत; 250 विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और नागरिकों ने लिया हिस्सा

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

हनुमानगढ़। हिमांशु मिड्ढा
हिरोशिमा-नागासाकी दिवस के अवसर पर राजीव गांधी स्टेडियम में शनिवार शाम जागरूकता कार्यक्रम एवं सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्व शांति, परमाणु हथियारों के उन्मूलन और युद्ध के स्वास्थ्य एवं पर्यावरण पर पड़ने वाले गंभीर दुष्प्रभावों को लेकर चर्चा की गई।कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि 6 और 9 अगस्त 1945 को जापान के हिरोशिमा और नागासाकी पर परमाणु बम गिराए जाने से भारी जनहानि हुई थी। इसके दूरगामी प्रभावों के कारण कई पीढ़ियों तक लोग गंभीर बीमारियों और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से प्रभावित हुए। वक्ताओं ने कहा कि परमाणु युद्ध की स्थिति में मानवता और पर्यावरण के अस्तित्व पर गंभीर संकट पैदा हो सकता है।इंडियन डॉक्टर्स फॉर पीस एंड डवलपमेंट (IDPD) की ओर से विश्व शांति के पक्ष में जनजागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया गया। संगठन ने विभिन्न देशों के बीच जारी युद्धों पर चिंता जताते हुए कहा कि हथियारों पर खर्च बढ़ाने के बजाय शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बजट बढ़ाया जाना चाहिए।

परमाणु हथियारों के खतरों से कराया अवगत

मुख्य वक्ता डॉ. एम.पी. शर्मा ने विश्व शांति के लिए जनजागरूकता की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने हाल ही में हिरोशिमा और नागासाकी की यात्रा के अनुभव साझा करते हुए परमाणु हथियारों के निर्माण, रखरखाव और इस्तेमाल से जुड़े खतरों की जानकारी दी।डॉक्टर्स फॉर सोसायटी के डॉ. नरेश संकलेचा ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई। वहीं डॉ. धर्मेन्द्र कुमार ने स्टेडियम में मौजूद खिलाड़ियों एवं नागरिकों को सीपीआर यानी आपात स्थिति में जीवन बचाने की प्राथमिक तकनीक का प्रशिक्षण दिया।

शांति के माध्यम से स्वास्थ्य और विकास पर जोर

आईएमए जिलाध्यक्ष डॉ. एस.एस. गेट ने शांति के माध्यम से स्वास्थ्य और विकास को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि युद्ध का सबसे अधिक असर आम नागरिकों, महिलाओं और बच्चों पर पड़ता है।कार्यक्रम में करीब 250 विद्यार्थी, खिलाड़ी एवं वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए। सेमिनार का आयोजन आईडीपीडी, आईएमए और डीएफएस के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।इस अवसर पर डॉ. राजीव मुंजाल, डॉ. तीर्थ शर्मा (उपनिदेशक, आयुर्वेद विभाग), डॉ. रामेश्वर भाम्भू सहित अन्य चिकित्सक एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आईडीपीडी के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. बृजेश गौड़ ने की। उन्होंने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

प्राइवेट बस स्टैंड से अतिक्रमण हटाने की मांग, पांचवें दिन भी बसों के पहिए थमे