बुहाना अस्पताल विवाद: दो डॉक्टरों को एपीओ करने पर बनी सहमति, सीएमएचओ के आश्वासन के बाद दो दिन से चल रहा धरना और भूख हड़ताल समाप्त

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

बुहाना। झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
बुहाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ( सीएचसी ) की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर पिछले दो दिनों से चल रहा ग्रामीणों का धरना और भूख हड़ताल गुरूवार देर रात प्रशासन और चिकित्सा विभाग के साथ हुई वार्ता के बाद समाप्त हो गई। सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर द्वारा दो चिकित्सकों को एपीओ करने, सात दिन के भीतर नई एंबुलेंस उपलब्ध कराने तथा अस्पताल की अन्य समस्याओं के समाधान का भरोसा दिए जाने पर दोनों पक्षों में सहमति बनी। जानकारी के अनुसार, अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग को लेकर ग्रामीण पिछले दो दिनों से सीएचसी के मुख्य द्वार पर धरना दे रहे थे। आंदोलन के दौरान चिकित्सा विभाग की ओर से बीसीएमओ डॉ. जयवीर भगासरा को वार्ता के लिए भेजा गया, लेकिन ग्रामीण सीएचसी प्रभारी डॉ. महेंद्र और डॉ. पूनम को एपीओ किए बिना आंदोलन समाप्त करने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद आंदोलनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में भूख हड़ताल भी शुरू कर दी। गुरूवार देर शाम सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर स्वयं मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से विस्तृत बातचीत की। वार्ता के दौरान उन्होंने दोनों चिकित्सकों को एपीओ करने, सात दिन के भीतर नई एंबुलेंस उपलब्ध कराने तथा अस्पताल की अन्य व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार कराने का आश्वासन दिया। प्रशासन की ओर से कार्रवाई का भरोसा मिलने पर दोनों पक्षों में सहमति बनी और सीएमएचओ ने अनशनकारियों को जूस पिलाकर भूख हड़ताल समाप्त कराई। आंदोलन के दौरान एक समय ग्रामीणों ने सड़क जाम करने का प्रयास भी किया, जिससे कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे केवल आश्वासनों से संतष्ट नहीं होंगे, बल्कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में जमीनी स्तर पर सुधार और ठोस कार्रवाई चाहते हैं। प्रशासन द्वारा कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद ही आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया गया। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा में वादों को अमल में नहीं लाया गया तो वे दोबारा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
इस दौरान बीसीएमओ डॉ. जयवीर भगासरा, रोहिताश सिंह, राजपाल सिंह, विजेंद्र, अनिल कुमार, संजय कुमार, अजीत सिंह, सतीश कुमार, अमित कुमार, नवीन कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।