ई-मित्र केंद्रों पर विभाग की सख्ती: औचक जांच में दो संचालकों पर कार्रवाई

जुलाई में 44 कियोस्कों का निरीक्षण, अनियमितता पर नोटिस और ऑनलाइन शास्ति; पारदर्शी सेवाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
आमजन को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं सुगम ई-गवर्नेंस सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग ने ई-मित्र कियोस्कों के निरीक्षण अभियान में सख्ती दिखाई है। जुलाई माह के दौरान उपखंड झुंझुनूं क्षेत्र में संचालित ई-मित्र केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें विभागीय नियमों की अनदेखी मिलने पर दो कियोस्क संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। विभाग की ओर से गठित अलग-अलग निरीक्षण टीमों ने जुलाई माह में 44 ई-मित्र कियोस्कों की जांच की। निरीक्षण के दौरान केंद्रों पर आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं, निर्धारित शुल्क की वसूली तथा विभागीय नियमों एवं दिशा-निर्देशों की पालना का गहन परीक्षण किया गया। जांच में दो ई-मित्र कियोस्कों पर अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित संचालकों को सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए। साथ ही विभागीय नियमों की अवहेलना करने पर दोनों कियोस्कों पर ऑनलाइन शास्ति भी आरोपित की गई। ब्लॉक प्रोग्रामर विनोद कुमार सैनी ने बताया कि ई-मित्र सेवाओं में पारदर्शिता बनाए रखने और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग समय-समय पर औचक निरीक्षण करता है। उन्होंने सभी ई-मित्र संचालकों को निर्धारित शुल्क के अनुसार ही सेवाएं उपलब्ध कराने तथा विभागीय दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले ई-मित्र केंद्रों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि आमजन को बिना किसी परेशानी के गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी सेवाएं मिलती रहें।

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE