क्यामसर में बन रहा देश का सबसे ऊंचा तेजाजी मंदिर, पूर्व सरपंच सतीश खीचड़ के सहयोग पर हुआ भव्य सम्मान

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
क्यामसर में निर्माणाधीन भगवान वीर तेजाजी महाराज के भव्य मंदिर के लिए समाज का जनसहयोग लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में झुंझुनूं शहर के निकटवर्ती गांव बाकरा के पूर्व सरपंच एवं तेजा भक्त सतीश खीचड़ द्वारा मंदिर निर्माण के लिए 51 हजार रूपये नकद एवं निर्माण सामग्री देने की घोषणा किए जाने पर राष्ट्रीय जाट महासंघ ने उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया।सम्मान समारोह में राष्ट्रीय जाट महासंघ के जिला उपाध्यक्ष कैप्टन शिवप्रसाद चौधरी, झुंझुनूं शहर ब्लॉक अध्यक्ष सूबेदार विजय सिंह बेनीवाल, ब्लॉक महासचिव सुरेश कुमार तथा ब्लॉक सचिव पोकरमल ने सतीश खीचड़ का साफा, शॉल एवं फूलमाला पहनाकर अभिनंदन किया। उपस्थित पदाधिकारियों ने उनके इस सहयोग को धार्मिक आस्था, सामाजिक समर्पण और जनसेवा का प्रेरणादायी उदाहरण बताया। इस अवसर पर राष्ट्रीय जाट महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विरेन्द्र क्यामसरिया ने सतीश खीचड़ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्यामसर में जनसहयोग से निर्माणाधीन भगवान वीर तेजाजी महाराज का 165 फीट ऊंचे शिखर वाला भव्य मंदिर भारत का सबसे ऊंचा एवं भव्य तेजाजी मंदिर बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण में समाज के सभी वर्गों का तन, मन और धन से उल्लेखनीय सहयोग मिल रहा है, जिससे यह परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। डॉ. क्यामसरिया ने समाज के लोगों से इस पुण्य कार्य में अधिकाधिक सहयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि यह मंदिर केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, संस्कृति और जनसहयोग का भी भव्य प्रतीक बनेगा।