38 मोबाइल, 5 लैपटॉप, 23 क्यूआर कोड व बैंकिंग दस्तावेज जब्त; मुख्य सरगना विकास राजपुरोहित फरार
सरदारशहर। चूरू पुलिस ने सरदारशहर क्षेत्र के सवाई सांवल गांव में संचालित एक संगठित ऑनलाइन साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैंकिंग दस्तावेज और करोड़ों रुपये के लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड भी बरामद किए हैं। गिरोह का मुख्य सरगना विकास कुमार राजपुरोहित मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद ने बताया कि अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार एवं सरदारशहर डीएसपी कुलदीप वालिया के सुपरविजन तथा थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह शेखावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगलवार को सवाई सांवल गांव स्थित एक मकान पर दबिश दी।पुलिस को सूचना मिली थी कि मकान में कुछ लोग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और वेबसाइटों के माध्यम से लोगों से साइबर ठगी कर रकम विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर रहे हैं। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस ने छापा मारकर मौके से देवेंद्र सिंह, महेश कुमार राजपुरोहित (नागौर), जीतेश भार्गव, गणेश सिंह (सरदारशहर), दीपक पांडे और देवव्रत (बक्सर, बिहार) को गिरफ्तार कर लिया।छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 38 मोबाइल फोन, 5 लैपटॉप, 23 क्यूआर कोड, चेक बुक, रजिस्टर सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं बैंकिंग दस्तावेज जब्त किए। पुलिस को करोड़ों रुपये के लेन-देन से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ऑनलाइन माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बनाकर रकम विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करवाते थे। पुलिस अब जब्त किए गए उपकरणों और दस्तावेजों की जांच कर गिरोह के अन्य सदस्यों, बैंक खातों और साइबर ठगी के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। वहीं, फरार मुख्य सरगना विकास कुमार राजपुरोहित की तलाश के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।











