टाउन फाटक गौशाला में गुप्त नवरात्रि के प्रथम दिवस श्रद्धाभाव से हुई घट स्थापना

माता की पूजा-अर्चना के साथ रामायण नवप्राण पाठ का शुभारंभ, श्रद्धालुओं ने लिया धर्मलाभ

हनुमानगढ़। हिमांशु मिढ्ढा
टाउन स्थित फाटक गौशाला में गुप्त नवरात्रि के प्रथम दिवस श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ माता की विधिवत पूजा-अर्चना कर घट स्थापना की गई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ हुआ तथा रामायण नवप्राण पाठ प्रारम्भ किया गया। पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में उपस्थित होकर सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली एवं समाज में मंगल की कामना की।इस अवसर पर प्रथम दिवस के मुख्य यजमान ललिता खदरिया, धर्मपत्नी मंगत राम खदरिया रहे। उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ माता का पूजन कर घट स्थापना की और रामायण नवप्राण पाठ का शुभारंभ कराया। आयोजन के दौरान भक्ति गीतों और माता के जयकारों से पूरा गौशाला परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।फाटक गौशाला के अध्यक्ष मुरलीधर अग्रवाल ने बताया कि गुप्त नवरात्रि के नौ दिनों तक प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना, रामायण नवप्राण पाठ एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ लेने और धार्मिक आयोजनों में सहभागिता निभाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में मनोज सरावगी, रिंकू अग्रवाल, तुलसी देवी, विनोद अग्रवाल, सरला गर्ग एवं सरोज खदरिया सहित अनेक श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सभी ने माता रानी के समक्ष पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।आयोजन समिति के अनुसार गुप्त नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन अलग-अलग यजमानों के सान्निध्य में धार्मिक कार्यक्रम संपन्न होंगे। नौ दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया।