झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
शौर्य और बलिदान की धरती झुंझुनूं में 18 जुलाई को परमवीर चक्र विजेता कंपनी हवलदार मेजर पीरू सिंह के शहादत दिवस पर भव्य श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। लायंस क्लब झुंझुनूं के तत्वावधान में प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक शहीद स्मारक, कलेक्ट्रेट सर्किल पर आयोजित होने वाले इस समारोह में वीर सैनिकों, वीरांगनाओं और राष्ट्रसेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों का सम्मान किया जाएगा। मंगलवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में लायंस क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य झुंझुनूं की गौरवशाली वीर परंपरा से नई पीढ़ी को जोड़ना तथा परमवीर पीरू सिंह के अद्वितीय साहस, राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान को जन-जन तक पहुंचाना है। समारोह में पूर्व सांसद एवं वीर चक्र से सम्मानित स्वर्गीय कैप्टन अयूब खान के परिवार का सम्मान किया जाएगा। वहीं वर्तमान में राष्ट्रसेवा में कार्यरत कीर्ति चक्र विजेता कैप्टन महेंद्र सिंह का नागरिक अभिनंदन भी किया जाएगा। इसके अलावा झुंझुनूं जिले की वीरांगनाओं को उनके त्याग, धैर्य और राष्ट्रसेवा में दिए गए अमूल्य योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान परमवीर पीरू सिंह को पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी तथा उनके जीवन, शौर्य और बलिदान पर आधारित प्रेरक उद्बोधन होंगे। समारोह में पूर्व सैनिक, वीरांगनाएं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, शिक्षाविद, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक भाग लेंगे। पत्रकार वार्ता को सेवानिवृत्त आईएएस एवं लायंस क्लब सदस्य राजेंद्र सिंह शेखावत, क्लब के उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण गुप्ता, सेक्रेटरी रघुनाथ पोद्दार, कार्यक्रम संयोजक डॉ. उम्मेद सिंह शेखावत, डॉ. नरेंद्र सिंह नरूका तथा यशवर्धन सिंह शेखावत ने संबोधित किया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और समारोह को पूर्ण गरिमा, अनुशासन तथा राष्ट्रभक्ति के वातावरण में आयोजित किया जाएगा। लायंस क्लब ने जिले के सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर देश के वीर सपूतों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने का आह्वान किया।
8 जुलाई को झुंझुनूं में गूंजेगा वीरता का सम्मान: परमवीर पीरू सिंह के शहादत दिवस पर वीरांगनाओं और सैनिकों का होगा अभिनंदन
Advertisement












