महेश बसावतिया बोले— सेवा, संस्कार और सामाजिक सरोकार ही विप्र सेना की पहचान, पूरे प्रदेश में होंगे जनकल्याण के कार्यक्रम
झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
विप्र सेना के छठे वार्षिक उत्सव का शुभारंभ मंगलवार को पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ श्याम नगर स्थित प्रांजल-प्रियांशी फार्म हाउस में भव्य पौधरोपण कार्यक्रम से हुआ। विप्र सेना के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं भाजपा नेता महेश बसावतिया के मुख्य आतिथ्य तथा जिला अध्यक्ष गुलजारी लाल शर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों पौधे लगाकर हरित राजस्थान और स्वच्छ पर्यावरण का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम की शुरूआत प्रातःकाल स्काउट-गाइड परिसर में पौधरोपण से हुई, जिसके बाद दोपहर में फार्म हाउस में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण किया गया।इस अवसर पर महेश बसावतिया ने कहा कि विप्र सेना का छठा वार्षिक उत्सव पूरे राजस्थान में सामाजिक सेवा, धार्मिक आस्था, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण के विविध कार्यक्रमों के साथ धूमधाम से मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विप्र सेना समाज को जोड़ने, जरूरतमंदों की सेवा करने और युवा पीढ़ी में सामाजिक जिम्मेदारी का भाव विकसित करने का निरंतर कार्य कर रही है।बसावतिया ने बताया कि झुंझुनूं जिले में वार्षिक उत्सव के अंतर्गत नंदीशाला में भोग एवं प्रसादी, अस्पतालों में मरीजों को फल वितरण, जरूरतमंद बच्चों को पेंसिल एवं कॉपियों का वितरण, झुग्गी-झोपड़ियों में साड़ी एवं बच्चों के वस्त्र वितरण तथा मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना सहित अनेक सेवा और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि समाज सेवा ही विप्र सेना का सबसे बड़ा उद्देश्य है और संगठन निरंतर इसी भावना के साथ कार्य करता रहेगा। विप्र सेना जिला अध्यक्ष गुलजारी लाल शर्मा ने कहा कि संगठन का वार्षिक उत्सव केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का अभियान है। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पौधरोपण की शुरूआत इसी सोच का प्रतीक है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। पौधरोपण कार्यक्रम में आरआर हॉस्पिटल के सीईओ डॉ. नवीन बंसल, डॉ. ऋषभ, इस्लाम चाइल, तौफीक, इमरान, संजय योगी (खाजपुर) सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और विप्र सेना के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया।विप्र सेना के पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन का वार्षिक उत्सव सेवा, संस्कार और समर्पण का पर्व है। समाज के हर वर्ग तक सहयोग पहुंचाने और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से पूरे जिले में आगामी दिनों में अनेक जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।












