केसीसी के अस्थायी कर्मचारियों के हक की गूंज सीएमडी तक, 12 सूत्रीय मांगपत्र भेजकर उठाई न्याय की मांग

वेतन वृद्धि, समान वेतन, स्वास्थ्य सुरक्षा, आवास और पारदर्शी भर्ती समेत कई मुद्दों पर कार्रवाई की मांग

खेतड़ी। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) के खेतड़ी कॉपर कॉम्प्लेक्स (केसीसी) में कार्यरत अस्थायी एवं डेली वेज कर्मचारियों के हितों को लेकर एक बार फिर आवाज बुलंद हुई है। सामाजिक कार्यकर्ता रमेश कुमार ने हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के नव नियुक्त अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) अनूपम मिश्रा को 12 सूत्रीय मांगों का विस्तृत ज्ञापन भेजकर कर्मचारियों की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी हस्तक्षेप की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि कंपनी के उत्पादन और विकास में अस्थायी एवं डेली वेज कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होने के बावजूद उनकी समस्याएं उच्च प्रबंधन तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुंच पाती हैं। इस स्थिति को बदलने के लिए कंपनी में गोपनीय शिकायत एवं सुझाव पोर्टल विकसित करने की मांग की गई है, ताकि कर्मचारी बिना किसी भय या दबाव के अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे प्रबंधन तक पहुंचा सकें। रमेश कुमार ने वर्ष 2026 के वेतन समझौते के तहत पात्र कर्मचारियों को 15 प्रतिशत मजदूरी वृद्धि का लाभ देने, श्रम संहिता के अनुसार साप्ताहिक अवकाश का वेतन सुनिश्चित करने, पदोन्नति एवं श्रेणी परिवर्तन की पारदर्शी व्यवस्था लागू करने तथा समान कार्य के लिए समान वेतन की नीति को प्रभावी रूप से लागू करने की मांग उठाई है।ज्ञापन में कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को भी प्रमुखता देते हुए सिलिकोसिस सहित व्यावसायिक बीमारियों की नियमित स्वास्थ्य जांच, समुचित उपचार, अस्थायी कर्मचारियों को केसीसी अस्पताल की चिकित्सा सुविधाएं, आवास, सुरक्षित कार्यस्थल तथा दुर्घटना की स्थिति में स्थायी कर्मचारियों के समान उपचार और मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की गई है। इसके अलावा पीएफ संबंधी मामलों के समयबद्ध निस्तारण, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, ओवरटाइम नियमों में समानता तथा कर्मचारी हितों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को भी ज्ञापन में शामिल किया गया है। रमेश कुमार ने अपने पत्र में विश्वास व्यक्त किया कि यदि अस्थायी कर्मचारियों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाता है तो इससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा, उत्पादन क्षमता में सुधार होगा और हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड की कार्यकुशलता एवं प्रगति को नई गति मिलेगी। उन्होंने नव नियुक्त सीएमडी से कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने का आग्रह किया।