प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से सांवलोद के ग्रामीणो को मिली राहत: अतिक्रमण हटाकर मुख्य सड़क से निकाला जलभराव

सिंघाना । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
सिंघाना पंचायत समिति क्षेत्र के सांवलोद गांव की मुख्य सड़क पर बारिश के बाद हुए जलभराव की समस्या पर प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए शनिवार को प्रभावी कार्रवाई की। अधिकारियों की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और सड़क किनारे हुए अतिक्रमण हटवाकर जल निकासी का मार्ग खुलवाया। इससे सड़क पर जमा पानी तेजी से निकल गया और ग्रामीणों के साथ-साथ वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मुख्य सड़क के दोनों ओर हुए अतिक्रमण के कारण बारिश का पानी आगे नहीं बह पा रहा था। इसके चलते करीब 200 मीटर तक सड़क जलमग्न हो गई थी, जिससे आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल जेसीबी मशीन मंगवाकर अवरोध हटवाए और पानी की निकासी सुनिश्चित कराई।बारिश के बाद सड़क पर जलभराव होने से ग्रामीणों को स्कूल, अस्पताल, बाजार और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क पर मौजूद गड्ढे पानी में छिप जाने से दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी हुई थी। ग्रामीणो द्वारा लंबे समय से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर रहे थे।कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभाग के कर्मचारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए प्रभावी और स्थायी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से गांववासियों ने राहत की सांस ली और अधिकारियों के इस कदम की सराहना की। ग्रामीणों ने प्रशासन से मुख्य सड़क की मरम्मत कराने तथा स्थायी ड्रेनेज व्यवस्था विकसित करने की मांग भी उठाई, ताकि हर वर्ष बरसात के दौरान होने वाली इस समस्या से हमेशा के लिए निजात मिल सके। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सड़क का तकनीकी परीक्षण कर आवश्यक कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे भविष्य में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सके और राहगीरों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।कार्रवाई के दौरान बुहाना एसडीएम शकुंतला, तहसीलदार बजरंग जाखड़, सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) दीपक धनखड़, पटवारी प्रदीप कुमार सहित पुलिस जाब्ता मौजूद रहा।