शिक्षा पर ‘न्याय’ की हुंकार: पेपर लीक से आहत युवाओं ने सुनाई पीड़ा, कांग्रेस ने संघर्ष का भरोसा दिलाया
झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक और अनियमितताओं के मुद्दे पर कांग्रेस ने गुरूवार को झुंझुनूं में ‘शिक्षा न्याय संवाद’ कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों और युवाओं की समस्याएं सुनीं। अंबेडकर भवन में आयोजित कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे सैकड़ों विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता और भविष्य को लेकर चिंता जताई। कार्यक्रम का नेतृत्व मंडावा विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष रीटा चौधरी ने किया। इससे पूर्व कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा कोटा में आयोजित शिक्षा न्याय संवाद कार्यक्रम का प्रसारण भी युवाओं को दिखाया गया। इसके बाद संवाद सत्र में विद्यार्थियों ने खुलकर अपनी बात रखी। संवाद के दौरान कई युवाओं ने कहा कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं से उनकी वर्षों की मेहनत पर पानी फिर जाता है। विद्यार्थियों ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में परिवार अपनी जमा-पूंजी खर्च कर देता है, लेकिन हर बार परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने से उनका मनोबल टूट रहा है। एक छात्र ने डॉक्टर बनने का सपना बताते हुए कहा कि उसके पिता मजदूरी कर पढ़ाई का खर्च उठा रहे हैं, ऐसे में पेपर लीक जैसी घटनाएं पूरे परिवार के सपनों को झकझोर देती हैं। विद्यार्थियों की बातें सुनने के बाद रीटा चौधरी ने कहा कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए प्रतियोगी परीक्षा केवल एक परीक्षा नहीं, बल्कि उनके सपनों और भविष्य की पूंजी होती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं की चिंताओं को गंभीरता से समझती है और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाली व्यवस्थाओं के खिलाफ सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष करेगी। केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे से जुड़े सवाल पर चौधरी ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में सरकार को जवाबदेही तय करनी चाहिए, लेकिन वर्तमान व्यवस्था जिम्मेदारी स्वीकार करने के बजाय बचाव की राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के हितों से जुड़े मुद्दों पर सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है। कार्यक्रम में जिला सह प्रभारी रियाजत खान, पीसीसी सदस्य सलीम सिगड़ी, पूर्व जिलाध्यक्ष सज्जन मिश्रा, पूर्व प्रधान शेर सिंह नेहरा, राजकुमार राठी, नरेश सोनी, शीशराम महला, संतोष सैनी, राहुल जाखड़, धर्मपाल खेदड़, रतनलाल मीणा सहित कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों एवं संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।










