विधायक बोले राष्ट्र निर्माण में सैनिकों का महत्वपूर्ण योगदान
खेतड़ी । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
खेतड़ी उपखंड के ग्राम पंचायत गोठड़ा के ढाणी भरगड़ान में बुधवार को पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों की सुविधा के लिए सीएसडी कैंटीन खुलने पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर थे , जबकि अध्यक्षता सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सुरेश कुमार जांगिड़ ने की। कार्यक्रम के दौरान सर्वप्रथम अतिथियों ने विधिवत रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर ने कहा कि सैनिक और पूर्व सैनिक राष्ट्र निर्माण के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि सरकार एवं जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने कैंटीन परिसर में विधायक कोटे से बिजली कनेक्शन लगवाने की घोषणा की। वहीं कैंटीन के निकट बस स्टैंड निर्माण के लिए उपखंड अधिकारी (एसडीएम) को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड बनने से आसपास के ग्रामीणों एवं पूर्व सैनिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। समारोह में उपस्थित पूर्व सैनिकों ने विधायक के समक्ष विभिन्न मांगें भी रखीं। उन्होंने खेतड़ी क्षेत्र में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक के लिए भूमि आवंटन, शहीद स्मारक के निर्माण हेतु स्थान उपलब्ध करवाने तथा पूर्व सैनिकों के लिए विश्राम स्थल बनाने की मांग की। विधायक ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों से चर्चा कर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सीएसडी कैंटीन की स्थापना को क्षेत्र के पूर्व सैनिकों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर का आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन राष्ट्रहित और समाज सेवा के संकल्प के साथ हुआ। इस मौके पर एसडीएम सुनील कुमार चौहान, पूर्व प्रधान मदन लाल गुर्जर, पूर्व सरपंच फतेहसिंह शेखावत, कैप्टन केसर देव, महेंद्र सिंह, रमेश सैनी, हरिराम गुर्जर, बबलू अवाना, प्रताप अधाणा, सतीश खरडिया, प्रभू राजोता, एईएन सुभाष मीणा, बृजपाल सिंह, सत्यवीर सिंह, इककुराम, सतरूप सिंह, कैप्टन मखनलाल, नत्थू सिंह, सुभाष यादव, हवलदार लीलाधर, कन्हैयालाल, कर्नल सुरेश मांदरी, सुबेदार सुंदरलाल, पूर्ण सिंह, सरजीत, कृष्ण भरगढ, नेपाल सिंह, निखिल शर्मा सहित अनेक लोग मौजूद रहें I











