Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं ‘योग सिर्फ व्यायाम नहीं, जीवन जीने की श्रेष्ठ और वैज्ञानिक पद्धति’ —...

‘योग सिर्फ व्यायाम नहीं, जीवन जीने की श्रेष्ठ और वैज्ञानिक पद्धति’ — नवीन जैन

योग बना जनआंदोलन: स्वर्ण जयंती स्टेडियम में गूंजा स्वास्थ्य का संदेश, अधिकारियों-जनप्रतिनिधियों ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को झुंझुनूं का स्वर्ण जयंती स्टेडियम योगमय हो उठा। जिला स्तरीय मुख्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वस्थ जीवन और फिट समाज का संदेश दिया। हजारों लोगों की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम ने योग को जनआंदोलन का स्वरूप देते हुए स्वास्थ्य जागरूकता के साथ नशामुक्त समाज निर्माण का भी संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में अनुभवी योग प्रशिक्षकों ने मंच से विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास करवाया। प्रशिक्षकों ने प्रत्येक आसन की सही विधि और उससे होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की विस्तार से जानकारी दी। पूरे स्टेडियम में एक साथ योग करते लोगों का दृश्य अनुशासन, ऊर्जा और सकारात्मकता का प्रतीक बन गया। योग दिवस के इस भव्य आयोजन में विश्वकर्मा बोर्ड के चेयरमैन रामगोपाल सुथार, जिले के प्रभारी सचिव नवीन जैन, विधायक राजेंद्र भाम्बू, जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग, पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सागर, निवर्तमान जिला प्रमुख हर्षिनी कुलहरी, पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार खीचड़ एवं पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने योगाभ्यास में भाग लिया। कार्यक्रम में विश्वंभर पुनिया, राकेश शर्मा, भूपेंद्र सिंह शेखावत, अजय चाहर, संजय मोरवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। सभी ने साथ बैठकर योगाभ्यास किया और नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वकर्मा बोर्ड के चेयरमैन रामगोपाल सुथार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है। आज विश्व के अनेक देश योग को अपनाकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर निरोगी रहता है, मन को शांति मिलती है और जीवन में संतुलन एवं सकारात्मकता का संचार होता है। योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है।जिले के प्रभारी सचिव नवीन जैन ने कहा कि योग भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक धरोहर है, जो आज पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रही है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की सबसे श्रेष्ठ और वैज्ञानिक पद्धति है। उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि योग दिवस को केवल एक वार्षिक आयोजन तक सीमित न रखें, बल्कि वर्ष के सभी 365 दिनों में नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाएं। योग दिवस कार्यक्रम के समापन पर सामाजिक जागरूकता का संदेश देते हुए उपस्थित सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी ने युवा पीढ़ी को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखने तथा स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित यह जिला स्तरीय कार्यक्रम स्वास्थ्य, अनुशासन, सकारात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरक उदाहरण बनकर उभरा, जहां योग के माध्यम से स्वस्थ भारत और नशामुक्त समाज का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।

Advertisement