Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं विश्व योग दिवस पर बीडीके अस्पताल में सामूहिक योग: 596 स्वास्थ्यकर्मियों और...

विश्व योग दिवस पर बीडीके अस्पताल में सामूहिक योग: 596 स्वास्थ्यकर्मियों और नर्सिंग विद्यार्थियों ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
विश्व योग दिवस के अवसर पर जिले के सबसे बड़े राजकीय बीडीके अस्पताल में रविवार को सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 211 महिलाओं एवं 385 पुरूषों सहित कुल 596 स्वास्थ्यकर्मियों, अधिकारियों और नर्सिंग विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया तथा नशामुक्त जीवन अपनाने की शपथ ली। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अस्पताल के पीएमओ एवं वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. जितेंद्र भाम्बू ने योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बताते हुए सभी को नियमित रूप से योग करने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर व्यक्ति को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। योग सत्र का संचालन योग शिक्षिका एवं स्वास्थ्यकर्मी प्रतिभा राय ने किया। उन्होंने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास करवाते हुए योग के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने की शपथ ली। इस अवसर पर होम्योपैथिक जिला उपनिदेशक डॉ. रमेश यादव, डॉ. चंद्रभान, नर्सिंग महाविद्यालय की प्राचार्य आबिदा खान, स्वास्थ्य प्रबंधक डॉ. नावीद, अंजना चौधरी, सुमन ओला, पूनम डांगी, पूनम भास्कर सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी एवं नर्सिंग विद्यार्थी मौजूद रहे। विश्व योग दिवस के इस आयोजन ने स्वास्थ्यकर्मियों में स्वास्थ्य जागरूकता, सकारात्मक जीवनशैली और नशामुक्त समाज के संदेश को मजबूती प्रदान की।

Advertisement