स्कूल में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पूर्व प्रोटोकॉल अभ्यास आयोजित

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को प्रिंस इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, झुंझुनूं में “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर पूर्व प्रोटोकॉल योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। ब्रह्मवेला में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग और प्राणायाम का अभ्यास किया। कार्यक्रम का संचालन महिला पतंजलि योग समिति की जिला प्रभारी गीता नूनिया एवं तहसील प्रभारी संतोष (नवलगढ़) के निर्देशन में किया गया। योगाभ्यास की शुरूआत वैदिक प्रार्थना मंत्र के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों को ग्रीवा संचालन, स्कंध संचालन, कटि संचालन, घुटना संचालन सहित विभिन्न सूक्ष्म व्यायाम करवाए गए। योग सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने उर्ध्व ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, त्रिकोणासन सहित कई खड़े, बैठकर एवं लेटकर किए जाने वाले योगासनों का अभ्यास किया। साथ ही कपालभाति, अनुलोम-विलोम, शीतली, भ्रामरी तथा ध्यान जैसी महत्वपूर्ण प्राणायाम विधियों का भी अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम के अंत में सिंहासन एवं हास्यासन के माध्यम से योग सत्र को आनंदमय बनाया गया। इस अवसर पर जिला प्रभारी गीता नूनिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “पहला सुख निरोगी काया” की प्राप्ति के लिए प्रत्येक व्यक्ति को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की प्रधानाचार्या ने महिला पतंजलि योग समिति की टीम को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा योग जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे उनके कार्यों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प भी लिया।













