राज्यसभा सांसद का तीखा संदेश— ‘फूल-माला, साफा और शॉल नहीं चाहिए’; सत्ता के गलियारों में दिखावे और चाटुकारिता पर उठे सवाल, झुंझुनूं से जयपुर तक चर्चा: क्या नेताओं और अधिकारियों को प्रभावित करने का माध्यम बन चुका है स्वागत-सत्कार? पूनिया की अपील ने राजनीतिक संस्कृति पर छेड़ी बहस
झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
राजनीति और प्रशासन में वर्षों से चली आ रही फूल-मालाओं, साफों, शॉलों और महंगे स्वागत-सत्कार की परंपरा पर भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनिया ने ऐसा सवाल खड़ा कर दिया है, जिसने सत्ता और व्यवस्था के गलियारों में चल रही दिखावे की संस्कृति को कठघरे में ला खड़ा किया है। डॉ. पूनिया का यह कहना कि उनके स्वागत में कोई माला, साफा, शॉल, गुलदस्ता या उपहार लेकर न आए, केवल एक व्यक्तिगत आग्रह नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे उस राजनीतिक संस्कृति पर सीधा प्रहार माना जा रहा है जिसमें कई बार सम्मान से ज्यादा प्रदर्शन दिखाई देता है। डॉ. पूनिया ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि उन्हें स्नेह, शुभकामनाएं और आशीर्वाद चाहिए, न कि महंगी मालाएं और औपचारिक सम्मान। यदि कोई सम्मान देना चाहता है तो एक फूल, एक पुस्तक या किसी सामाजिक कार्य में योगदान करे। उनका यह संदेश ऐसे समय में आया है जब राजनीतिक और प्रशासनिक कार्यक्रमों में स्वागत-सत्कार कई बार मूल उद्देश्य से भटककर प्रभाव जमाने, निकटता दिखाने और पहचान दर्ज कराने का माध्यम बन जाता है।
क्या स्वागत-सत्कार बन गया है प्रभाव और पहुंच दिखाने का हथियार?
झुंझुनूं सहित प्रदेश के अनेक जिलों में किसी मंत्री, विधायक, सांसद, अधिकारी या जनप्रतिनिधि के आगमन पर स्वागत की होड़ आम बात है। मंचों पर मालाओं का अंबार, साफों की कतार और शॉल ओढ़ाने की प्रतिस्पर्धा कई बार चर्चा का विषय बनती रही है। राजनीतिक हलकों में यह सवाल भी लंबे समय से उठता रहा है कि क्या ऐसे सम्मान वास्तव में सम्मान होते हैं या फिर सत्ता के करीब दिखने और प्रभाव स्थापित करने का माध्यम? डॉ. पूनिया के संदेश ने इसी बहस को फिर से जीवित कर दिया है।
झुंझुनूं की पुरानी परंपरा पर भी उठे सवाल
झुंझुनूं जिले में राजनीतिक और सामाजिक आयोजनों में स्वागत-सत्कार की संस्कृति काफी गहरी रही है। कई बार मंचों पर नेताओं और अधिकारियों को दर्जनों मालाएं पहनाई जाती हैं, साफे बांधे जाते हैं और महंगे उपहार भेंट किए जाते हैं। आलोचकों का मानना है कि इससे वास्तविक मुद्दे पीछे छूट जाते हैं और आयोजन का केंद्र जनहित के बजाय व्यक्तिपूजा बन जाता है। डॉ. पूनिया का संदेश अप्रत्यक्ष रूप से इसी मानसिकता पर सवाल खड़ा करता दिखाई देता है।
“सादगी चाहिए या दिखावे की राजनीति?”
डॉ. पूनिया ने लोगों से कहा है कि यदि वे वास्तव में सम्मान करना चाहते हैं तो किसी जरूरतमंद की सहायता करें, पुस्तकालय को पुस्तक दें, पर्यावरण संरक्षण या जनकल्याण के कार्यों में सहयोग करें। उनका यह संदेश स्वागत-सत्कार पर खर्च होने वाले धन और संसाधनों के औचित्य पर भी प्रश्नचिह्न लगाता है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह संदेश उन लोगों के लिए भी आईना है जो हर कार्यक्रम में मालाएं और साफे लेकर सबसे आगे खड़े दिखाई देते हैं, जबकि समाज के वास्तविक मुद्दे अक्सर पीछे छूट जाते हैं।
झुंझुनूं से आत्मीय रिश्ता, इसलिए संदेश का असर ज्यादा
डॉ. सतीश पूनिया का झुंझुनूं जिले से विशेष लगाव रहा है। शेखावाटी क्षेत्र से जुड़े होने के कारण उनका यहां लगातार संपर्क रहा है। भाजपा संगठन में रहते हुए उन्होंने जिले में अनेक किसान पंचायतों, कार्यकर्ता सम्मेलनों और जनसभाओं में भाग लिया है। उनका झुंझुनूं जिले के चिड़ावा क्षेत्र स्थित लांबा गोठड़ा गांव से पारिवारिक रिश्ता भी है। ससुराल पक्ष से जुड़े होने के कारण उनका यहां नियमित आना-जाना रहता है। यही वजह है कि झुंझुनूं में उनके इस संदेश को केवल राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि क्षेत्र के अपने व्यक्ति की नसीहत के रूप में भी देखा जा रहा है।
राजनीति को मिला असहज करने वाला सवाल
डॉ. पूनिया की अपील ने एक असहज सवाल खड़ा कर दिया है—यदि सम्मान के लिए फूल-माला और महंगे उपहार जरूरी नहीं हैं, तो फिर वर्षों से यह परंपरा आखिर किसके लिए और क्यों निभाई जा रही है? क्या यह संस्कृति वास्तव में सम्मान की है या फिर प्रभाव, पहुंच और नजदीकियां दिखाने की? क्या स्वागत-सत्कार के नाम पर होने वाला खर्च जनहित के कार्यों में नहीं लगाया जा सकता? क्या नेताओं और अधिकारियों को खुश करने की प्रवृत्ति ने लोकतांत्रिक संवाद को कमजोर किया है?इन सवालों के जवाब भले ही अलग-अलग हों, लेकिन इतना तय है कि डॉ. सतीश पूनिया के एक संदेश ने राजनीति और प्रशासन में वर्षों से चली आ रही दिखावे की परंपरा को बहस के केंद्र में ला दिया है।“जब एक नेता कहे कि मुझे माला नहीं, समाज सेवा चाहिए… तब सवाल केवल स्वागत का नहीं, पूरी राजनीतिक संस्कृति का खड़ा हो जाता है।”











