जनगणना-2027: आयुक्त देवीलाल बोचल्या ने किया फील्ड निरीक्षण, सटीक और त्रुटिरहित डेटा संकलन पर दिया जोर

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
नगर परिषद झुंझुनूं क्षेत्र में संचालित जनगणना-2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के कार्य का शनिवार को नगर चार्ज जनगणना अधिकारी एवं आयुक्त नगर परिषद देवीलाल बोचल्या ने फील्ड स्तर पर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जनगणना कार्य में जुटे सुपरवाइजरों एवं प्रगणकों से संवाद कर कार्य की प्रगति की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। आयुक्त बोचल्या ने जनगणना कार्य को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के साथ-साथ प्रत्येक प्रविष्टि की शुद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि फील्ड सर्वे के दौरान किसी भी संदिग्ध अथवा त्रुटिपूर्ण प्रविष्टि की पहचान कर उसका तत्काल सुधार किया जाए, ताकि जनगणना के आंकड़े पूरी तरह विश्वसनीय एवं प्रमाणिक बन सकें। साथ ही उन्होंने गुणवत्तापूर्ण डेटा संकलन एवं समयबद्ध डेटा सिंक्रोनाइजेशन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला परियोजना अधिकारी अरूण कुमार जाखड़, सुपरवाइजर स्वाती चौधरी एवं निशा पूनियां सहित संबंधित प्रगणक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने फील्ड कार्य की विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन करते हुए जनगणना प्रक्रिया की गुणवत्ता और प्रगति का मूल्यांकन किया। आयुक्त ने निरीक्षण के उपरांत प्रथम चरण के कार्य पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण और नीतिगत निर्णयों का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए इसमें जुटे सभी कार्मिक पूर्ण जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने सुपरवाइजरों एवं प्रगणकों को एचएलओ ( एचएलओ ) पर सिंक किए गए डेटा की पुनः जांच करने के निर्देश दिए, जिससे किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना समाप्त हो सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनगणना-2027 का यह महत्वपूर्ण अभियान नगर परिषद क्षेत्र में पूरी पारदर्शिता, गुणवत्ता और दक्षता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न होगा।