तीन साल की तलाश खत्म: मण्ड्रेला पुलिस ने गुमशुदा महिला को खोजकर पति से मिलवाया

पुलिस की सतर्कता और लगातार प्रयासों से परिवार में लौटी खुशियां

मण्ड्रेला I झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
झुंझुनूं जिले की मण्ड्रेला थाना पुलिस ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए तीन वर्षों से गुमशुदा चल रही महिला को दस्तयाब कर उसके पति से पुनर्मिलन कराया है। पुलिस की इस सफलता से जहां एक परिवार की वर्षों पुरानी चिंता समाप्त हुई, वहीं पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास भी और मजबूत हुआ है। जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा चिड़ावा वृताधिकारी विकास धींधवाल के सुपरविजन में यह महत्वपूर्ण कार्रवाई संपन्न हुई। मण्ड्रेला थाना प्रभारी कैलाशचन्द के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने अथक प्रयास, सूचनाओं के संकलन और लगातार की गई तलाश के आधार पर तीन साल से लापता महिला का पता लगाकर उसे सुरक्षित दस्तयाब किया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद महिला को उसके पति के सुपुर्द कर दिया गया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश और उन्हें उनके परिजनों से मिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है। इसी उद्देश्य के तहत टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लगातार प्रयास किए और आखिरकार सफलता हासिल की। इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी कैलाशचन्द, सहायक उपनिरीक्षक बाबूलाल तथा हेड कांस्टेबल सुभिता की विशेष भूमिका रही। टीम के समर्पण और मेहनत की बदौलत एक परिवार तीन वर्षों बाद फिर से एकजुट हो सका। पुलिस की इस मानवीय पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। परिजनों ने महिला के सुरक्षित मिलने पर खुशी व्यक्त करते हुए झुंझुनूं पुलिस और मण्ड्रेला थाना टीम का आभार जताया है। गठित टीम में कैलाशचन्द, थाना प्रभारी, पुलिस थाना मण्ड्रेला , बाबूलाल, सहायक उपनिरीक्षक, सुभिता, हेड कांस्टेबल शामिल रहें । मण्ड्रेला पुलिस की इस सफलता ने साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, संवेदनशीलता और निरंतर प्रयासों से वर्षों पुराने मामलों का भी सकारात्मक समाधान संभव है।