झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
भारतीय डाक विभाग के झुंझुनूं डाक मंडल ने डाक जीवन बीमा ( पीएलआई ) एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा (आरपीएलआई ) के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए विशेष अभियान “करोड़पति ड्राइव” के तहत 1 करोड़ 82 लाख रूपये का रिकॉर्ड नया प्रीमियम अर्जित किया है। अभियान के दौरान मंडल ने कुल 1139 परिवारों को बीमा सुरक्षा प्रदान की। इनमें 764 नई डाक जीवन बीमा (पीएलआई.) तथा 375 नई ग्रामीण डाक जीवन बीमा (आरपीएलआई ) पॉलिसियां जारी की गईं। विभाग के अधीक्षक डाकघर धर्मपाल सिंह ढ़ाका ने बताया कि यह मंडल के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीण डाक सेवकों की कड़ी मेहनत, समर्पण और टीम भावना का परिणाम है। डाक विभाग की डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा योजनाएं न्यूनतम प्रीमियम, सरकारी सुरक्षा तथा आकर्षक बोनस दरों के कारण आमजन के बीच लगातार लोकप्रिय हो रही हैं। ये योजनाएं न केवल परिवारों को भविष्य की आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती हैं, बल्कि नियमित छोटी-छोटी बचत को परिपक्वता पर बड़ी राशि में परिवर्तित कर वित्तीय सशक्तिकरण का माध्यम भी बनती हैं। मंडल प्रशासन ने कहा कि “करोड़पति ड्राइव” की ऐतिहासिक सफलता ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि बदलते समय और बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बावजूद भारतीय डाक विभाग की योजनाओं पर जनता का विश्वास कायम है। इस उपलब्धि के लिए विभाग ने जागरूक नागरिकों, पॉलिसीधारकों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा ग्रामीण डाक सेवकों का आभार व्यक्त किया है।मंडल प्रशासन ने भविष्य में भी अधिक से अधिक परिवारों को बीमा सुरक्षा से जोड़ने का संकल्प दोहराते हुए जनहित में बीमा योजनाओं के प्रचार-प्रसार को जारी रखने की बात कही है।










