Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं नवलगढ़ में बायो मेडिकल वेस्ट का खुला खेल, सड़क किनारे फेंकी गई...

नवलगढ़ में बायो मेडिकल वेस्ट का खुला खेल, सड़क किनारे फेंकी गई इंजेक्शन शीशियां, प्रशासन बेखबर

जिम्मेदारों की लापरवाही से आमजन और बेसहारा पशुओं की जान पर खतरा

नवलगढ़ I झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
स्वच्छता और स्वास्थ्य सुरक्षा के दावों के बीच नवलगढ़ में एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। जिला अस्पताल से करीब एक किलोमीटर आगे गोदारा की ढाणी के पास पुरानी झुंझुनूं रोड किनारे बड़ी मात्रा में बायो मेडिकल वेस्ट खुले में पड़ा मिला है। सड़क किनारे फेंकी गई सैंकड़ों इंजेक्शन की खाली शीशियां, इंजेक्शन के कांच, मेडिकल वायल और अन्य चिकित्सा अपशिष्ट प्रशासनिक व्यवस्था की पोल खोल रहे हैं। इनमें से कई शिशियां टूटकर कांच बिखरे हुए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर यह खतरनाक मेडिकल कचरा यहां तक पहुंचा कैसे और जिम्मेदार अधिकारी अब तक आंखें मूंदे क्यों बैठे हैं? यह क्षेत्र आम लोगों की आवाजाही वाला मार्ग है और आसपास पशुओं का भी आवागमन रहता है। विशेषज्ञों के अनुसार बायो मेडिकल वेस्ट का निस्तारण निर्धारित नियमों के तहत किया जाना अनिवार्य है। ऐसे कचरे को खुले में फेंकना गंभीर लापरवाही की श्रेणी में आता है। यदि इन शीशियों और मेडिकल सामग्री में संक्रमण के अंश मौजूद हो तो यह मानव स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। टूटे हुए कांच से राहगीरों और पशुओं के घायल होने की आशंका अलग है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन और चिकित्सा विभाग स्वच्छता के नाम पर बड़े-बड़े दावे करते हैं। लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। लोगों ने इस मामले में दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्यवाही व बायोमेडिकल वेस्ट को मौके से हटाने की मांग की है।

Advertisement