अस्पताल व्यवस्थाओं, निर्माण कार्यों और सफाई व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
चूरू। पीडीयू मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को सांसद राहुल कस्वा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजकीय भर्तिया अस्पताल की व्यवस्थाओं, मेडिकल कॉलेज परिसर की मूलभूत सुविधाओं तथा निर्माणाधीन नए अस्पताल भवन के कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।बैठक में कॉलेज प्राचार्य डॉ एमएम पुकार, अतिरिक्त प्राचार्य डॉ रमाकांत वर्मा, मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ दीपक चौधरी सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, नर्सिंग प्रभारी, लेखाधिकारी और आरएसआरडीसी के अधिकारी मौजूद रहे। समीक्षा बैठक के दौरान सांसद राहुल कस्वा ने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं, व्यवस्थाओं और निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने भीषण गर्मी को देखते हुए मरीजों के लिए अतिरिक्त सुविधाएं सुनिश्चित करने, सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने और समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर सांसद ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी। बैठक के बाद सांसद राहुल कस्वा ने कहा कि मेडिकल कॉलेज का कार्य अब तक पूर्ण नहीं हो पाया है और मेंटेनेंस व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। उन्होंने कहा कि राजकीय भर्तिया अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं को लेकर गंभीरता से चर्चा की गई है। सांसद ने कहा कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण कम भूमि पर और बिना दूरदर्शिता के किया गया, जिसके कारण अब कई समस्याएं सामने आ रही हैं। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज की मुख्य सड़क से कनेक्टिविटी भी अभी तक व्यवस्थित नहीं हो सकी है। सांसद राहुल कस्वा ने कहा कि स्पोर्ट्स फैसिलिटी, मोर्चरी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए करीब चार बीघा अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता है। उन्होंने अस्पताल की सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अस्पताल में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं है, जबकि ठेकेदारों के बिल नियमित रूप से जारी हो रहे हैं। सांसद ने कहा कि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।













