Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं झुंझुनूं के लिए गौरव का क्षण: डॉ. अरूण गर्ग देश के शीर्ष...

झुंझुनूं के लिए गौरव का क्षण: डॉ. अरूण गर्ग देश के शीर्ष 100 कलेक्टर्स में शामिल, शहरवासियों ने किया भव्य अभिनंदन

फेम इंडिया–एशिया पोस्ट सर्वे में मिली राष्ट्रीय पहचान, 800 जिलों के डीएम के प्रदर्शन का हुआ सूक्ष्म मूल्यांकन; जिले में प्रशासनिक नवाचारों और सुशासन को मिला बड़ा सम्मान

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिला प्रशासन के लिए यह क्षण ऐतिहासिक और गर्वपूर्ण बन गया है, जब झुंझुनूं जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग को देश के शीर्ष 100 सर्वश्रेष्ठ जिला कलेक्टरों की प्रतिष्ठित सूची में स्थान प्राप्त हुआ। फेम इंडिया एवं एशिया पोस्ट द्वारा जारी राष्ट्रीय सर्वेक्षण में मिली यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत प्रशासनिक कौशल की पहचान है, बल्कि झुंझुनूं जिले में हो रहे प्रभावी सुशासन, नवाचार और विकासोन्मुख प्रशासनिक कार्यप्रणाली की राष्ट्रीय स्वीकृति भी मानी जा रही है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में शहर के विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं एवं गणमान्य नागरिकों ने जिला कलेक्टर डॉ. गर्ग का भव्य अभिनंदन किया। कार्यक्रम में उन्हें शॉल, दुपट्टा ओढ़ाकर, माल्यार्पण कर तथा अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान माहौल उत्साह और गर्व से परिपूर्ण रहा।

सम्मान समारोह में प्रमुख उपस्थितियां:

इस अवसर पर श्री श्याम आशीर्वाद सेवा संस्था के ट्रस्टी डॉ. डीएन तुलस्यान, सीए पवन केडिया, रोहिताश्व बंसल, सुनील तुलस्यान, सुनिल पाटोदिया, वेलफेयर फाउंडेशन से प्रदीप पाटोदिया, श्री गोपाल गौशाला के अध्यक्ष प्रमोद खण्डेलिया, लॉयंस क्लब झुंझुनूं के अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र सिंह शेखावत, उपाध्यक्ष शिवकुमार जांगिड़, सचिव गोपालकृष्ण गुप्ता, अध्यक्षीय सलाहकार एमजेएफ लायन नरेन्द्र व्यास तथा श्रीमती गोमती देवी कॉलेज बड़ागांव के निदेशक डॉ. सीएल शर्मा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

पारदर्शी और व्यापक मूल्यांकन प्रक्रिया

फेम इंडिया और एशिया पोस्ट द्वारा किए गए इस राष्ट्रीय सर्वे में देशभर के लगभग 800 जिलों के जिलाधिकारियों और जिला मजिस्ट्रेटों के कार्यों का गहन मूल्यांकन किया गया। यह आकलन 10 प्रमुख मानकों पर आधारित रहा, जिनमें प्रशासनिक दक्षता, नवाचार, जवाबदेही, त्वरित निर्णय क्षमता, संकट प्रबंधन, संवेदनशीलता, जनसंपर्क, संवाद कौशल एवं विकासोन्मुख सोच जैसे महत्वपूर्ण बिंदु शामिल थे। विशेषज्ञों की राय, ग्राउंड रिपोर्ट्स और मीडिया विश्लेषण के आधार पर उन अधिकारियों का चयन किया गया, जिन्होंने जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्य करते हुए आमजन के बीच विशेष पहचान बनाई है।

15 वर्षों की गौरवशाली परंपरा

उल्लेखनीय है कि फेम इंडिया मैगजीन और एशिया पोस्ट द्वारा यह सर्वे पिछले 15 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है। अपनी निष्पक्षता और विश्वसनीयता के लिए पहचाने जाने वाले इस सर्वे का उद्देश्य देश के उन प्रशासनिक अधिकारियों को सम्मानित करना है, जिन्होंने अपने कार्यों से जनता के जीवन में वास्तविक परिवर्तन लाया है। इस विशेष अंक में डॉ. अरुण गर्ग का नाम प्रकाशित किया जाएगा, जो उनकी कार्यकुशलता और प्रशासनिक उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान प्रदान करेगा।

Advertisement