Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं सालासर जा रहे श्रद्धालुओं की कार को ट्रक ने कुचला

सालासर जा रहे श्रद्धालुओं की कार को ट्रक ने कुचला

रघुनाथपुरा टोल प्लाजा पर भीषण हादसा; डिवाइडर तोड़ बूथ में घुसा ट्रक, कार के गेट लॉक होने से अंदर फंसे पांच दोस्त, तीन गंभीर घायल

सूरजगढ़ I  झुंझुनूं । अजीत जांगिड़ 

झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ क्षेत्र स्थित रघुनाथपुरा टोल प्लाजा पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। सालासर बालाजी के दर्शन के लिए जा रहे पांच दोस्तों की कार को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद कार के गेट लॉक हो गए और अंदर बैठे पांचों युवक काफी देर तक फंसे रहे। मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना सोमवार सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार दिल्ली और लोहारू निवासी पांच दोस्त कार से सालासर बालाजी के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। रघुनाथपुरा टोल प्लाजा पर उनकी कार टोल कटवाने के लिए लाइन में खड़ी थी। कार के आगे एक बोलेरो गाड़ी खड़ी थी। इसी दौरान सूरजगढ़ की ओर से तेज रफ्तार में आया एक ट्रक अचानक बेकाबू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रक डिवाइडर तोड़ते हुए सीधे टोल बूथ की लाइन में जा घुसा। ट्रक ने पीछे से कार को इतनी जबरदस्त टक्कर मारी कि कार आगे खड़ी बोलेरो और पीछे से आए ट्रक के बीच बुरी तरह पिस गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके दरवाजे लॉक हो गए। कार में सवार पांचों युवक अंदर ही फंस गए और मदद के लिए चीखने लगे। टोल प्लाजा पर मौजूद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद कार के दरवाजे तोड़कर युवकों को बाहर निकाला गया। हादसे के दौरान बोलेरो सवार लोग किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। हादसे में राहुल निवासी दिल्ली, समीर निवासी दिल्ली और कृष्ण निवासी लोहारू गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से सूरजगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें लोहारू (हरियाणा) लेकर रवाना हो गए। हादसे के बाद ट्रक टोल बूथ के केबिन में जा घुसा, जिससे बूथ को भी भारी नुकसान पहुंचा। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूरजगढ़ थाना प्रभारी रणजीत सेवदा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयावह था कि टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ट्रक डिवाइडर तोड़ते हुए टोल लाइन में घुसता दिखाई दे रहा है।

SP ऑफिस से युवती को जबरन उठाकर ले गए 😱 सुरक्षा के लिए पंहुची थी | Churu Breaking News

15 वर्षीय बालक को डॉक्टरों ने दी नई जिंदगी 🚑 छुट्टी के दिन खुला ऑपरेशन थिएटर | Churu News

ऑपरेशन म्यूल हंटर, करोड़ों के साइबर फ्रॉड का खुलासा | 1.16 करोड़ ट्रांजैक्शन | Churu News

 

Advertisement