Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं बैंक से रूपए निकालने के कुछ देर बाद ही चोरी : रिटायर्ड...

बैंक से रूपए निकालने के कुछ देर बाद ही चोरी : रिटायर्ड कैप्टन का 50 हजार से भरा बैग कैंटीन से पार

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, आरोपी युवक की तलाश में जुटी पुलिस

चिड़ावा। झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
शहर के मंड्रेला मोड़ स्थित एक कैंटीन में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। खुड़िया का बास निवासी रिटायर्ड कैप्टन उदाराम जांगिड़ का 50 हजार रूपए से भरा बैग अज्ञात युवक चोरी कर फरार हो गया। पूरी घटना कैंटीन में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार रिटायर्ड कैप्टन उदाराम जांगिड़ ने बुधवार सुबह स्टेशन रोड स्थित एसबीआई बैंक से 50 हजार रूपए निकाले थे। इसके बाद वे अपनी निजी कार से मंड्रेला मोड़ स्थित कैंटीन पर सामान खरीदने पहुंचे। बताया जा रहा है कि सामान देखते समय उन्होंने रूपयों से भरा बैग पास में रखे एक स्टूल के पास रख दिया। इसी दौरान वहां मौजूद एक युवक ने मौका देखकर बैग उठाया और वहां से फरार हो गया। कुछ देर बाद बैग नहीं मिलने पर जांगिड़ को चोरी का पता चला, जिसके बाद कैंटीन में हड़कंप मच गया। सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कैंटीन में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। फुटेज में एक संदिग्ध युवक बैग ले जाते हुए दिखाई दे रहा है। थाना प्रभारी कैलाश चंद्र ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी युवक की पहचान और तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Advertisement