झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
देशभर में 20 मई, यानि कि बुधवार को प्रस्तावित दवा विक्रेताओं की एक दिवसीय हड़ताल का असर झुंझुनूं जिले में भी देखने को मिलेगा। जिलेभर के केमिस्ट दुकानदार हड़ताल में शामिल होंगे और मेडिकल स्टोर बंद रखकर विरोध जताएंगे। झुंझुनूं जिला केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष श्यामसुंदर डालमिया ने बताया कि जिले की करीब 1000 मेडिकल दुकानें इस बंद में शामिल रहेंगी। हड़ताल को लेकर मेडिकल दुकानों पर पंपलेट चिपकाकर आमजन को पहले से जानकारी दी जा रही है। ताकि लोगों को असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। केमिस्ट एसोसिएशन ने लोगों से अपील की है कि वे पहले से जरूरी दवाइयों की व्यवस्था कर लें। क्योंकि 20 मई को अधिकांश मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे और शटर डाउन रहेगा। यह हड़ताल ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट के आह्वान पर की जा रही है। डालमिया ने बताया कि दवा विक्रेताओं की मुख्य मांगों में ऑनलाइन दवा बिक्री ई-फार्मेसी का विरोध प्रमुख है। संगठन का कहना है कि बड़ी कंपनियां भारी डिस्काउंट देकर छोटे मेडिकल स्टोरों को प्रभावित कर रही हैं। साथ ही बिना पर्याप्त जांच और कंट्रोल के ऑनलाइन दवाइयां बेचे जाने से मरीजों की सुरक्षा पर खतरा बढ़ रहा है। संगठन ने कोविड काल में लागू कुछ नियमों को वापस लेने की भी मांग की है। साथ ही एआई से तैयार फर्जी प्रिस्क्रिप्शन, एंटीबायोटिक दवाओं के गलत इस्तेमाल और बिना डॉक्टर सलाह दवाइयों की उपलब्धता को लेकर भी चिंता जताई है। हड़ताल के चलते आम लोगों को सामान्य दवाइयों की खरीद में परेशानी हो सकती है। केमिस्ट एसोसिएशन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह आंदोलन दवा व्यवसाय और मरीजों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर किया जा रहा है।










