उधार में सामान देने से मना किया तो बदमाशों ने बोला हमला
सूरजगढ़।झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
कस्बे के मुख्य बाजार क्षेत्र में दिनदहाड़े दबंगई और लूटपाट का मामला सामने आया है। उधार में सामान देने से मना करने पर दबंगों ने दुकान में घुसकर व्यापारी के साथ मारपीट की। वहीं 20 हजार रुपए नकद और सोने की चैन लूट ली। आरोपियों ने व्यापारी को गाड़ी से कुचलकर जान से मारने की धमकी भी दी। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित हिमांशु पुत्र अनिल कुमार जाट ने बताया कि वह अपनी दुकान पर बैठा था। इसी दौरान जीतू राजपूत और विकास नाम के युवक दुकान पर उधार में सामान लेने आए। हिमांशु ने पुराना उधार चुकाने के बाद ही सामान देने की बात कही। इस बात से नाराज होकर दोनों युवक वहां से चले गए और कुछ देर बाद अपने अन्य साथियों के साथ वापस लौटे। आरोप है कि पिलोद गांव निवासी जीतू राजपूत, अमित राजपूत तथा सूरजगढ़ कस्बे के वार्ड 25 निवासी विकास सहित अन्य युवक हरियाणा नंबर की स्विफ्ट कार और मोटरसाइकिलों पर सवार होकर दुकान पर पहुंचे। आरोपियों ने दुकान में घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और हिमांशु को बाहर खींचकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने खुलेआम धमकी देते हुए कहा कि “गाड़ी से कुचलकर जान से मार देंगे, जिसको बोलना है बोल देना।” मारपीट के दौरान आरोपियों ने दुकान के गल्ले से करीब 20 हजार रुपये नकद निकाल लिए और हिमांशु के गले से सोने की चैन तोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत सूरजगढ़ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी तरह कैद हो गई है। पुलिस ने फुटेज को सबूत के तौर पर कब्जे में ले लिया है और फुटेज के आधार पर जल्द गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि घटना दो-तीन दिन पुरानी है। लेकिन इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया। दिनदहाड़े बाजार में हुई इस वारदात से व्यापारियों में रोष का माहौल है।










