झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
झुंझुनूं के चूणा चौक राणी सती रोड स्थित झुंझुनूं प्रगति संघ मुंबई द्वारा संचालित आदर्श बाल निकेतन सीनियर सैकंडरी स्कूल में सोमवार को ग्रीष्मकालीन शिविर (समर कैंप) का अत्यंत उत्साहपूर्ण और भव्य माहौल में शुभारंभ हुआ। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनकी रचनात्मक ऊर्जा को सही दिशा देने के उद्देश्य से इस कैंप का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नेहा तुलस्यान धर्मपत्नी सीए प्रशांत तुलस्यान एवं बेबी प्रिषा तुलस्यान रहीं। समर कैंप का विधिवत उद्घाटन स्कूल सचिव परमेश्वरलाल हलवाई के सानिध्य में किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि नेहा तुलस्यान, बेबी प्रिषा तुलस्यान, स्कूल प्रिंसिपल डॉ. अजय कुमार एवं वाइस प्रिंसिपल अनिता महमिया ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर और फीता काटकर शिविर की शुरुआत की। समारोह को संबोधित करते हुए स्कूल सचिव परमेश्वर लाल हलवाई ने आधुनिक युग में कौशल विकास के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि 21वीं शताब्दी में सिर्फ किताबी ज्ञान ही काफी नहीं है, बल्कि अपने जीवन के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए विभिन्न प्रकार की स्किल्स (कौशलों) का विकास होना अत्यंत आवश्यक है। इसी दूरगामी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए हमारे विद्यालय द्वारा प्रतिवर्ष समर कैंप का आयोजन किया जाता है, ताकि विद्यार्थी अपनी छिपी हुई प्रतिभा को पहचान सकें और उसे निखार सकें। वहीं, मुख्य अतिथि नेहा तुलस्यान ने अपने उद्बोधन में स्कूल की इस अनूठी पहल और गतिविधियों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए समय-समय पर इस प्रकार के शिविरों का आयोजन किया जाना बेहद प्रशंसनीय और अनुकरणीय कदम है। स्कूल प्रिंसिपल डॉ. अजय कुमार ने समर कैंप की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि इस वर्ष कैंप में विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और तकनीकी विकास के लिए बेहतरीन कक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। इस कैंप में योगा, खेलकूद, तकनीकी शिक्षा, रचनात्मकता, भाषा कौशल आदि की कक्षाएं होगी। प्रिंसिपल डॉ. अजय कुमार ने बताया कि इस समर कैंप की सबसे खास बात यह है कि इसमें आदर्श बाल निकेतन के विद्यार्थियों के साथ-साथ क्षेत्र के अन्य विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भी बड़े उत्साह और ऊर्जा के साथ भाग ले रहे हैं। यह समर कैंप आगामी 30 मई तक संचालित होगा। जिसके अंतिम दिन एक भव्य क्लोजिंग सेरेमनी (समापन समारोह) का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में बच्चे कैंप के दौरान सीखे गए अपने हुनर और कला का प्रदर्शन करेंगे। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान स्कूल के स्टाफ सदस्यों, विद्यार्थियों और अभिभावकों में एक विशेष उत्साह और चमक देखने को मिली।
Advertisement










