बसई में भामाशाह ने राजकीय स्कूल में भेंट की खेल सामग्री

जिला कलेक्टर बोले भामाशाह बढ़ाए सरकारी संस्थाओं में सहयोग का हाथ

खेतड़ी I झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
खेतड़ी उपखंड के टीबा बसई स्थित सेठ प्रभुदयाल राजकीय स्कूल में शुक्रवार को खेल सामग्री भेंट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता रामस्वरूप मीणा ने की। कार्यक्रम के दौरान सर्वप्रथम अतिथियों ने शिक्षा की देवी मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। संस्था प्रधान अनू सैनी ने बताया कि सजना देवी की चौथी पुण्यतिथि पर उनके पुत्र विनित मीणा ( आईएएस ) एवं अनुप मीणा (सेवा निवृत महाप्रबंधक आरबीआई ) की ओर से छात्र-छात्राओं को खेल सामग्री भेंट की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर डॉ अरूण गर्ग ने कहा कि सरकारी स्कूलों में बच्चों को बेहतर शिक्षा मिले व स्कूल का विकास हो, इसके लिए स्कूल स्टाफ की ओर से भामाशाह से मिलकर सहयोग करना सराहनीय कार्य है। सरकारी संस्थाओं के विकास में खड़े रहने वाले धनी व्यक्ति ही समाज को विकास की गति में आगे ले जाने का काम करते हैं। स्कूलों में शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए इस प्रकार के भागीदारी निभाने में शामिल होना बहुत जरूरी है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को भागीदारी निभाकर समाज के विकास में अपना योगदान देना चाहिए। बच्चे के भविष्य के निर्माण में एक शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में बच्चों को संस्कारवान शिक्षा देकर उनके भविष्य को बेहतर बनाने में भागीदारी निभानी चाहिए विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रेरित करते हुए अतिथियों ने कहा कि खेल शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालय परिवार ने अतिथियों का स्वागत किया तथा समाजसेवियों द्वारा किए गए इस सहयोग की सराहना की। इस दौरान स्कूल स्टाफ की ओर से भामाशाह का सम्मान किया गया। इस मौके पर एडीएम राधेश्याम मीणा, पूर्व आरपीएस निहाल सिंह मीणा, नायब तहसीलदार प्यारेलाल चावला, , ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अनुकंपा, श्योलाल, प्रधानाचार्य सांवरमल मीणा, बलवीर छापोला, रोहिताश लालगढ़, जीएल मीणा सहित अनेक लोग मौजूद थे।