एसडीएम सुनील कुमार को भावभीनी विदाई, अधिकारियों और अधिवक्ताओं ने दी शुभकामनाएं

मेड़ता सिटी स्थानांतरण पर आयोजित समारोह में प्रशासनिक कार्यशैली और जनहित कार्यों की सराहना

चूरू। उपखंड अधिकारी सुनील कुमार के स्थानांतरण उपरांत शुक्रवार को उपखंड कार्यालय चूरू में अधिवक्ता संघ एवं कार्यालय स्टाफ की ओर से भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में अधिकारियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर उन्हें शुभकामनाओं के साथ विदाई दी।समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील झाझड़िया विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एएसपी सुनील झाझड़िया, तहसीलदार अशोक गोरा, बजरंगलाल शर्मा एवं नायब तहसीलदार चुन्नीलाल ने सुनील कुमार के प्रशासनिक कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें कर्मठ, मृदुभाषी, संवेदनशील और जनहितैषी अधिकारी बताया।वक्ताओं ने कहा कि उपखंड अधिकारी के रूप में सुनील कुमार ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), मतदाता सूचियों के प्रकाशन और ग्राम पंचायतों के वार्ड पुनर्गठन जैसे महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक संपादित किए। इसके अलावा उन्होंने 500 से अधिक राजस्व परिवादों का प्रभावी निस्तारण कर आमजन को त्वरित राहत प्रदान की। जनसुनवाई के माध्यम से आमजन की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनकर समाधान करना उनकी कार्यशैली की विशेष पहचान रही।समारोह में अधिवक्ता संघ और कार्यालय कार्मिकों द्वारा सुनील कुमार का साफा, शॉल और माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया। उपस्थित वक्ताओं ने उनके सौम्य व्यक्तित्व, अनुशासित कार्यशैली, धैर्यशील व्यवहार और प्रशासनिक दक्षता की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए नवीन पदस्थापन स्थल मेड़ता सिटी, नागौर के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर नायब तहसीलदार महेंद्र गहलोत, अति प्रशासनिक अधिकारी प्रवीण कुमार, निजी सहायक सुरेश कुमार, संदीप कुमार, विजेंद्र सिंह, उपेंद्र, अधिवक्ता हनुमान स्वामी, सुरेंद्र राहड़, हनुमान सिंह, नरेंद्र सिहाग, नरेंद्र लाम्बा सहित बार संघ चूरू एवं कार्यालय स्टाफ के सदस्य उपस्थित रहे।