देर तक नहीं खुला दरवाजा तो परिजनों ने खिड़की से देखा मंजर, पुलिस जांच में जुटी
झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
मिली जानकारी के अनुसार शहर के पिपली चौक इलाके में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव कमरे में पंखे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और बीडीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृतक की पहचान दिनेश कुमार (36) पुत्र मुरारी कुमावत के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। थानाधिकारी श्रवण कुमार ने बताया कि दिनेश पेशे से टाइल मिस्त्री था और गुरुवार रात रोजाना की तरह काम से लौटकर अपने कमरे में सोने चला गया था। शुक्रवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने उसे आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पीछे की खिड़की से देखा गया तो दिनेश का शव पंखे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। मौके के निरीक्षण के दौरान कमरे से शराब का एक पव्वा भी बरामद हुआ है।
पुलिस ने शव को अपनी गाड़ी से बीडीके अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया । परिजनों ने बताया कि दिनेश चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था और उसकी किसी से कोई रंजिश या दुश्मनी नहीं थी। परिवार के अनुसार वह हाल के दिनों में किसी मानसिक तनाव में भी नजर नहीं आ रहा था, हालांकि उसे शराब पीने की आदत थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।।जानकारी के अनुसार दिनेश की पत्नी अनीता फिलहाल अपने मायके गई हुई थी। परिजनों ने बताया कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती। दिनेश अपने पीछे तीन साल की मासूम बेटी छोड़ गया है। थानाधिकारी श्रवण कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।










