‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, भव्य कलश यात्रा व महाआरती ने बांधा समां
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर सोमवार को शहर स्थित श्री लावेश्वर महादेव मंदिर श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर नजर आया। मंदिर परिसर में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, मंदिर ट्रस्ट पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। पूरे आयोजन के दौरान “हर-हर महादेव” और वैदिक मंत्रोच्चार से वातावरण भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम की शुरूआत महिलाओं द्वारा निकाली गई भव्य कलश यात्रा से हुई। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने मंगल गीतों और जयघोष के साथ कलश यात्रा निकालकर माहौल को पूरी तरह धार्मिक रंग में रंग दिया। मंदिर परिसर को फूलों, रंग-बिरंगी सजावट एवं विशेष श्रृंगार से आकर्षक रूप दिया गया था, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने सामूहिक मंत्रोच्चार एवं रुद्राभिषेक कर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। वैदिक मंत्रों की गूंज और धार्मिक अनुष्ठानों ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। महाआरती के समय श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू ने सोमनाथ मंदिर के गौरवशाली इतिहास, उसके पुनर्निर्माण और भारतीय सांस्कृतिक स्वाभिमान से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंगों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर भारत की आस्था, संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक है तथा यह पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का संदेश देता है। कार्यक्रम के दौरान गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय शिखर समारोह का ऑनलाइन लाइव प्रसारण भी किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संबोधन सुना, जिसमें भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और राष्ट्रीय एकता के महत्व पर विशेष बल दिया गया। मंदिर ट्रस्ट की ओर से स्कूली छात्राओं ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों एवं शिव भक्तों का तिलकार्चन कर स्वागत किया, वहीं कार्यक्रम समिति सदस्यों ने दुपट्टा ओढ़ाकर अतिथियों का अभिनंदन किया। समारोह में जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग, मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैलाश चंद्र यादव, एसडीएम कौशल्या बिश्नोई, पीएचईडी अधीक्षण अभियंता राजपाल सिंह, सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. राजेंद्र सिंह लांबा, उद्यान विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. विजयपाल कस्वा, महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक बृजेंद्र राठौड़, झुंझुनूं सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक संदीप शर्मा, पर्यटन विभाग के उपनिदेशक देवेंद्र चौधरी, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक अभिषेक चौबदार, डीओआईटी की संयुक्त निदेशक अनीता, जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु सिंह, नगर परिषद आयुक्त देवीलाल बोचल्या , सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक डॉ. पवन पूनिया तथा रीको प्रबंधक अजीत कुमार द्विवेदी सहित अनेक जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। वहीं बनवारी लाल सैनी, बबलू चौधरी, इंजी. प्यारेलाल ढुकिया, विश्वम्भर पुनिया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। लावेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी राजकुमार अग्रवाल, श्रीकांत पंसारी, डॉ. डीएन तुलस्यान, अनुप गाडिया, अंजनी जालान, राकेश तुलस्यान, पंकज जालान, निर्मल शाह, भवानी शंकर जगनानी, मोहित अग्रवाल, पंकज अग्रवाल एवं पवन केडिया सहित ट्रस्ट सदस्यों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना में भाग लिया।










