शनिदेव जन्मोत्सव पर गूंजेगा भक्ति का महासंगम

शिंगणापुर शनिदेव मंदिर में होगा रूद्राभिषेक, हवन-पूजन और रात्रि जागरण का विराट आयोजन, भक्तों में उत्साह चरम पर

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
ज्येष्ठ अमावस्या के पावन अवसर पर आगामी 16 मई, शनिवार को शहर के प्रसिद्ध श्री शिंगणापुर शनिदेव मंदिर में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का विराट संगम देखने को मिलेगा। शनिदेव जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर में पूरे दिन विशेष धार्मिक आयोजनों की भव्य श्रृंखला आयोजित होगी, जिसमें रूद्राभिषेक, छप्पन भोग, हवन-पूजन, भजन संध्या एवं रात्रि जागरण जैसे कार्यक्रम श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा और फूलों से भव्य रूप दिया जा रहा है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है तथा दूर-दराज क्षेत्रों से भी भक्तों के पहुंचने की संभावना है। आयोजन समिति के अनुसार शनिवार सुबह 11:15 बजे से हवन-पूजन एवं पाठ का शुभारंभ होगा। इसके पश्चात विशेष रूद्राभिषेक एवं छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। वहीं रात्रि 8:15 बजे से विशाल भजन संध्या एवं जागरण का आयोजन होगा, जिसमें प्रसिद्ध भजन कलाकार शनिदेव महिमा का गुणगान करेंगे। मंदिर के महंत पंडित कानु भार्गव ने बताया कि ज्येष्ठ अमावस्या पर शनिदेव आराधना का विशेष महत्व माना जाता है। इस दिन श्रद्धा भाव से पूजा-अर्चना करने से शनि दोषों से मुक्ति मिलने के साथ सुख-समृद्धि एवं शांति की प्राप्ति होती है। उन्होंने समस्त श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने का आह्वान किया है।शहर के शाहों का कुआं स्थित बावलियों की बगीची क्षेत्र में स्थित श्री शिंगणापुर शनिदेव मंदिर इन दिनों पूरी तरह भक्तिमय माहौल में रंग चुका है। आयोजन को लेकर मंदिर समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

ओबीसी प्रकोष्ठ की बैठक में भाजपा सरकार पर कांग्रेस का हमला 🔥 मंडेलिया हाउस में बड़ा मंथन

जब तक चुनाव जीतूंगा नहीं, तब तक चूरू छोड़ूंगा नहीं” — रफीक मंडेलिया का बड़ा बयान 🔥

चूरू से महिला कांग्रेस का बड़ा अभियान, PM को भेजे जाएंगे 10 लाख पोस्टकार्ड