परीक्षार्थियों ने कहा— पिछले साल के मुकाबले आसान था पेपर, इस बार मेरिट 650+ जाने की उम्मीद जताई
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
नीट यूजी 2026 की परीक्षा रविवार को झुंझुनूं जिले के 21 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। खास बात यह रही कि परीक्षार्थियों द्वारा इस बार का पेपर गत वर्ष के मुकाबले आसान बताया जा रहा है। जिससे परीक्षार्थियों ने मेरिट 650 से ऊपर जाने की संभावना जताई है। झुंझुनूं जिले में बनाए गए 21 परीक्षा केंद्रों में से 17 केंद्र झुंझुनूं जिला मुख्यालय व आसपास के क्षेत्रों में स्थापित किए गए थे। जबकि नवलगढ़, मुकुंदगढ़, बिसाऊ और चिड़ावा में भी एक-एक केंद्र बनाया गया। इन केंद्रों पर कुल 6483 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जिनमें से 6379 उपस्थित हुए और 104 अनुपस्थित रहे। उपस्थिति प्रतिशत लगभग 98.40% रहा। जो कि काफी अच्छा माना जा रहा है।
यही कारण है कि भीषण गर्मी के बावजूद अभ्यर्थियों में उत्साह देखने को मिला। परीक्षा देकर बाहर निकले विद्यार्थियों के चेहरे तनावमुक्त नजर आए। अधिकांश परीक्षार्थियों का कहना था कि पेपर सिलेबस के अनुसार और पिछले वर्ष की तुलना में आसान था। परीक्षार्थियों ने अनुमान जताया कि इस बार मेरिट 650 से ऊपर जा सकती है। उनका कहना था कि प्रश्नपत्र का स्तर संतुलित था और तैयारी करने वाले छात्रों के लिए स्कोर करना आसान रहा। प्रशासन द्वारा परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। नकल रोकने के लिए बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था की गई। साथ ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों के साथ आए अभिभावकों के लिए छांव और पानी की व्यवस्था भी की गई। परीक्षा केंद्रों में सुबह 11 बजे से डेढ़ बजे तक प्रवेश दिया गया। जबकि दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक परीक्षा आयोजित हुई। कुल मिलाकर, इस बार नीट परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में संतोष का माहौल रहा और आसान पेपर के चलते अच्छे परिणाम की उम्मीद जताई जा रही है।













