विधायक भांबू ने वार्ड 27 को दी 41 लाख के विकास कार्यों की सौगात

जनसंवाद कर सुनीं समस्याएं, बोले—विकास में पीछे नहीं रहने देंगे, समय पर पूरे होंगे काम

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
शहर के वार्ड नंबर 27 में विकास कार्यों को नई गति देते हुए स्थानीय विधायक राजेंद्र भांबू ने करीब 41 लाख रुपए के विभिन्न कार्यों का शिलान्यास किया। इस अवसर पर विधायक ने वार्ड का दौरा भी किया और आमजन से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना। वार्डवासियों ने विधायक का जोरदार स्वागत किया। जिसमें सैंकड़ों लोग शामिल हुए और फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया गया। अपने संबोधन में विधायक राजेंद्र भांबू ने कहा कि वार्ड नंबर 27 को विकास की दृष्टि से किसी भी स्थिति में पीछे नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिन कार्यों का शिलान्यास किया गया है। उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में यदि वार्ड में किसी भी प्रकार के विकास कार्य की आवश्यकता होगी, तो उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। इस मौके पर भांबू ने किसी का नाम लिए बगैर कहा कि पूर्व के जनप्रतिनिधियों ने इस वार्ड की उपेक्षा की है। जिसके कारण वार्ड में विकास की काफी जरूरत है। शहर में हर वार्ड का बिना किसी भेदभाव के विकास करवाया जा रहा है। विधायक ने वार्ड में भ्रमण के दौरान लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। स्थानीय लोगों ने उन्हें क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की कमी, सड़क, नाली और अन्य विकास कार्यों की जरूरत से अवगत कराया। विधायक ने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का चरणबद्ध समाधान किया जाएग। इस मौके पर शहर के पार्षद संजय पारीक, इदरीश, भाजपा कार्यकर्ता बाबर चोपदार, याकूब अली, जीवन, हाजी राशिद मनियार, लियाकत मलावत, लियाकत तेली, असगर, राजा मोहम्मद, सिकंदर भाटी, तनवीर भाटी, मोहम्मद नवीर भाटी, शाहरुख, परवेज सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वार्ड के निवासियों ने बताया कि पिछली सरकार के दौरान यह वार्ड उपेक्षित रहा और यहां किसी प्रकार के ठोस विकास कार्य नहीं हुए। उन्होंने कहा कि अब वर्तमान में विकास कार्यों के शिलान्यास के बाद वार्ड में बदलाव की उम्मीद जगी है। लोगों का मानना है कि इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी और उन्हें बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। कार्यक्रम वार्ड नंबर 27 के लिए एक नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है, जिससे विकास की दिशा में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद की जा रही है।