इन्द्रसर–पचेरी सड़क निर्माण में अतिक्रमण बना रोड़ा, ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार

ज्ञापन सौंपकर बाधाएं हटाने व निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग, अधूरी सड़क से ग्रामीणों को हो रही परेशानी

खेतड़ी। अजीत जांगिड़
इन्द्रसर से पचेरी तक निर्माणाधीन सड़क में आ रही बाधाओं को हटाकर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार देवी लाल यादव को जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क मार्ग के बीच दोनों ओर पत्थरों की दीवारें बनाकर अतिक्रमण कर दिया गया है, जिसके कारण सड़क निर्माण कार्य लंबे समय से ठप पड़ा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण अधूरा रहने से इन्द्रसर, पचेरी सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कत विद्यार्थियों, किसानों, मरीजों तथा अन्य आम नागरिकों को हो रही है, जिन्हें प्रतिदिन इसी मार्ग से गुजरना पड़ता है। ज्ञापन में ग्रामीणों ने यह भी आशंका जताई कि सड़क के दोनों ओर बनी पत्थरों की दीवारें दुर्घटनाओं का कारण बन सकती हैं। यदि किसी वाहन की टक्कर इन दीवारों से होती है और कोई जनहानि होती है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी। ऐसे में प्रशासन को जनहित और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की कि सड़क निर्माण में बाधा बने अतिक्रमण और अन्य कानूनी अड़चनों का शीघ्र निस्तारण कर निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके। इस दौरान प्रताप सिंह यादव, विक्रम, कैलाश, राकेश कुमार, अंकित, सुरेश कुमार, भूपसिंह साहब, मोहन मिस्त्री, सुंदर, शेर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से जनहित में त्वरित कार्रवाई कर सड़क निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की।