केसीसी प्रोजेक्ट का किया निरीक्षण, नए सॉफ्टवेयर व क्रेन का उद्घाटन; गोठड़ा ग्राम पंचायत ने सौंपा मांगों का ज्ञापन
खेतड़ी। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) अनुपम मिश्र ने बुधवार को खेतड़ीनगर स्थित खेतड़ी कॉपर कॉम्प्लेक्स (केसीसी) का दौरा कर उत्पादन, सुरक्षा और कर्मचारी कल्याण से जुड़े कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कंपनी के उत्पादन और लाभ में वृद्धि के साथ-साथ कर्मचारियों के हितों एवं उनके कल्याण को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।दौरे की शुरूआत कॉपर क्लब में आयोजित स्वागत समारोह से हुई, जहां केसीसी इकाई प्रमुख पीडी बोहरा एवं खनन निदेशक जीडी गुप्ता ने साफा पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सीएमडी अनुपम मिश्र का आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने केसीसी प्लांट और माइनिंग क्षेत्र का निरीक्षण कर उत्पादन गतिविधियों, सुरक्षा व्यवस्थाओं और तकनीकी संसाधनों का जायजा लिया। प्रशासनिक भवन में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सीएमडी ने अधिकारियों के साथ उत्पादन क्षमता, सुरक्षा मानकों, तकनीकी उन्नयन और कर्मचारी कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि किसी भी औद्योगिक इकाई की वास्तविक ताकत उसके कर्मचारी होते हैं, इसलिए उनके हितों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से उन कर्मचारियों के लिए उपयुक्त नीति बनाने के निर्देश दिए, जो सेवानिवृत्ति के बाद भी लंबे समय से कंपनी के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं।सीएमडी अनुपम मिश्र ने विश्वास व्यक्त किया कि आधुनिक तकनीक, बेहतर कार्यप्रणाली और कर्मचारियों के सहयोग से कंपनी उत्पादन के नए आयाम स्थापित करेगी, जिससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।दौरे के दौरान उन्होंने केसीसी में स्थापित नए सॉफ्टवेयर एवं नई क्रेन का विधिवत उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक तकनीक के उपयोग से कार्यक्षमता, सुरक्षा और उत्पादन में उल्लेखनीय सुधार होगा। इस अवसर पर गोठड़ा ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं एवं विकास संबंधी मांगों को लेकर सीएमडी अनुपम मिश्र को ज्ञापन सौंपा और उनके शीघ्र समाधान की मांग की। कार्यक्रम में विपिन शर्मा, बिडदूराम सैनी, श्यामलाल सैनी सहित एचसीएल के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। सीएमडी के दौरे को केसीसी के विकास, तकनीकी आधुनिकीकरण और कर्मचारी हितों के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता के रूप में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।











