
झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
बाकरा रोड अंबेडकर नगर स्थित जीबी मोदी विद्या मंदिर में गुरुवार को राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) 2024 में सफलता प्राप्त करने वाली विद्यालय की पूर्व छात्रा आंचल रूंगटा के सम्मान में एक भव्य समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम विद्यालय परिसर में बड़े उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत एवं तिलक से हुई। इसके बाद मंच पर दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण का कार्यक्रम संपन्न हुआ। जिसके बाद विद्यालय के सचिव श्रवण कुमार केजड़ीवाल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए आंचल रूंगटा की उपलब्धि की सराहना की और विद्यार्थियों को उनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया। विद्यालय की प्रशासनिक अधिकारी अनिता बंसल तथा प्राचार्य मनीष माटोलिया की उपस्थिति में आयोजित इस समारोह का मुख्य आकर्षण आंचल रूंगटा का संबोधन रहा। उन्होंने अपनी सफलता की यात्रा साझा करते हुए विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास के महत्व के बारे में बताया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे। जिनके आंचल रूंगटा ने सरल और प्रेरणादायक उत्तर दिए। आंचल ने सफलता के लिए निरंतरता, समर्पण, एकाग्रता और मेहनत को आवश्यक बताया। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए एनसीईआरटी के महत्व और एक उत्पादक दिनचर्या अपनाने पर जोर दिया। कठिन समय में भी आगे बढ़ते रहने और स्वयं के प्रति ईमानदार रहने की सलाह दी। उन्होंने सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भाग लेने, पढ़ाई और अन्य गतिविधियों में संतुलन बनाए रखने, डूम-स्क्रोलिंग से बचने और जीवनी पढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि केवल प्रतिभा पर्याप्त नहीं होती। उसे निरंतर मेहनत और लगन का साथ जरूरी है। अंत में राजपूताना शिक्षा मंडल के पदाधिकारी विनोद गाडिया, उमेश मोदी, सचिव श्रवण कुमार केजड़ीवाल, दिनेश अग्रवाल व अन्य सदस्यों की ओर से बधाई व धन्यवाद ज्ञापित किया। यह समारोह विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक रहा और उन्हें अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा मिली।












