विधायक भांबू रहेंगे मुख्य अतिथि
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
शहर में आयोजित होने जा रही रामकथा अमृत वर्षा के तहत शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यात्रा प्रख्यात संत ओमनाथ जी महाराज एवं कथावाचक श्री धर्मदास महाराज अयोध्या वाले के सानिध्य में निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर धर्मप्रेमियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। ब्राह्मण समाज के युवा नेता ललित जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि कलश यात्रा का शुभारंभ प्रातः 8:15 बजे स्टेशन रोड स्थित बावलिया की बगीची शिव मंदिर से होगा। यात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए चूना चौक स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर पुरोहित बगीची के सामने बने कथा स्थल पर पहुंचकर संपन्न होगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भाम्बू रहेंगे। यात्रा में नगर के बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी, महिलाएं एवं श्रद्धालु शामिल होंगे। महिलाओं से समय का विशेष ध्यान रखने की अपील करते हुए ललित जोशी ने कहा कि यात्रा निर्धारित समय पर ही प्रारंभ होगी, इसलिए सभी श्रद्धालु समय से पूर्व आयोजन स्थल पर पहुंचें।
आयोजकों के अनुसार राम कथा अमृत वर्षा का यह भव्य धार्मिक आयोजन शहर में आध्यात्मिक वातावरण का संचार करेगा। कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान श्रीराम के जयकारों के साथ भक्ति रस में सराबोर नजर आएंगे। आयोजन समिति द्वारा यात्रा मार्ग पर विभिन्न व्यवस्थाएं भी की गई हैं।












