मेहाड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कोटपुतली से दबोचा गया आरोपी शक्ति
खेतड़ी । झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
जिले की मेहाड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घर में घुसकर मारपीट कर हत्या का प्रयास करने के मामले में फरार चल रहे दो हजार रूपये के इनामी व थाना स्तर के टॉप-टेन बदमाश शक्तिमान उर्फ शक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पुलिस टीम ने कोटपुतली से दस्तयाब किया। झुंझुनूं पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन एवं वृताधिकारी खेतड़ी जुल्फीकार अली के सुपरविजन में थानाधिकारी राममनोहर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने यह सफलता हासिल की।
पहले ही पकड़े जा चुके हैं पांच आरोपी
इस सनसनीखेज मामले में पूर्व में विकास उर्फ कालू, जलेसिंह, दीपक योगी, रामचन्द्र और विजेन्द्र उर्फ बिजली को गिरफ्तार किया जा चुका है।
जमीन विवाद बना हमले की वजह
प्रकरण के अनुसार, 21 जुलाई 2025 को बिस्सा नालपुर निवासी कंवरलाल (48) ने इलाज के दौरान दिए बयान में बताया कि उसका अपने रिश्तेदारों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। 20 जुलाई की रात करीब 10 बजे आरोपी दीवार फांदकर घर में घुस आए और गेट तोड़ते हुए अंदर प्रवेश कर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।हमले में कंवरलाल को गंभीर चोटें आईं, जबड़ा और दांत टूट गए। पत्नी नीशु देवी को भी बेरहमी से पीटा गया, जबकि बच्चे डर के मारे चारपाई के नीचे छिप गए। आरोपियों ने उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। टीम ने नारनौल, नांगल चौधरी, बहरोड़ व अन्य स्थानों पर दबिश दी। लगातार तकनीकी और खुफिया इनपुट के आधार पर 22 अप्रैल 2026 को कोटपुतली में दबिश देकर मुख्य आरोपी शक्तिमान उर्फ शक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी का मामला दर्ज है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर अन्य वारदातों की जानकारी जुटा रही है।कार्रवाई में थानाधिकारी राममनोहर, सहायक उप निरीक्षक भीमसिंह (विशेष योगदान), हेड कांस्टेबल अमरचंद और कांस्टेबल महेन्द्र की टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने इस कार्रवाई को बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

















