पंचायत-निकाय चुनाव टालने पर सरकार को सीधी चुनौती
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
पंचायती राज स्थापना दिवस के अवसर पर राजस्थान में लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने तथा पंचायत राज एवं नगर निकाय चुनाव शीघ्र कराने की मांग को लेकर राजीव गांधी पंचायती राज संगठन की ओर से गुरुवार को शंखनाद किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे माननगर स्थित सांसद कार्यालय में आयोजित होगा। कार्यक्रम में झुंझुनूं लोकसभा सांसद बृजेंद्र सिंह ओला मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। जिला अध्यक्ष विजय मील ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष सी.बी. यादव करेंगे, जबकि राजस्थान प्रभारी रीना वाल्मीकी, कार्यकारी अध्यक्ष सुभीता सिगड़ और प्रदेश उपाध्यक्ष रणजीत चंदेलिया विशिष्ट अतिथि होंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में जिले के सभी विधायक, पूर्व विधायक एवं विधायक प्रत्याशी भी शामिल होंगे। इसके अलावा पंचायती राज एवं नगर निकायों के जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। संगठन की ओर से इस आयोजन के माध्यम से राज्य में स्थानीय निकाय चुनाव जल्द कराने की मांग को प्रमुखता से उठाया जाएगा।










