लोन फाइल क्लियर करने के झांसे में आया युवक, स्क्रीन शेयरिंग बनी ठगी का हथियार
पिलानी | झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
कस्बे में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां लोन फाइल क्लियर करने के नाम पर जालसाजों ने एक युवक से 1 लाख 13 हजार 500 रुपए ठग लिए। ठगों ने बड़ी चालाकी से वीडियो कॉल और स्क्रीन शेयरिंग के जरिए ओटीपी हासिल कर खाते से रकम पार कर दी। पिलानी निवासी सिकंदर अली, जो जयपुर में कार्यरत हैं, अपने घर निर्माण के लिए लिए गए लोन के शेष पैसे के कारण ठगों के निशाने पर आ गए। उनके खाते में करीब सवा लाख रुपए शेष थे।
वीडियो कॉल से रचा गया पूरा जाल
घटना 18 अप्रैल की है, जब सिकंदर अली शादी समारोह में शामिल होने पिलानी आए हुए थे। इसी दौरान उन्हें एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को लोन फाइल क्लियर करने वाला अधिकारी बताया और व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर जुड़ने को कहा। झांसे में आकर सिकंदर अली वीडियो कॉल से जुड़ गए। ठग ने प्रोसेसिंग का बहाना बनाकर उनसे मोबाइल की स्क्रीन शेयर करवाई और मैसेज बॉक्स खुला रखने को कहा। इसी दौरान मोबाइल पर आए ओटीपी को ठगों ने हासिल कर लिया और नेट बैंकिंग के जरिए अपने खाते को बेनिफिशियरी के रूप में जोड़ लिया।
दो किश्तों में साफ किया खाता
नए बेनिफिशियरी के जुड़ने में 24 घंटे की देरी का फायदा उठाते हुए ठगों ने 19 अप्रैल को फिर संपर्क किया। एक बार फिर वीडियो कॉल के जरिए स्क्रीन शेयर करवाई गई और खाते से पहले 49,500 रुपए और फिर 64,000 रुपए ट्रांसफर कर लिए गए। शादी समारोह में व्यस्त होने के कारण सिकंदर अली को तुरंत धोखाधड़ी का पता नहीं चला। अगले दिन जब उन्होंने बैंक खाता चेक किया तो रकम गायब मिली। इसके बाद उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत दर्ज होने के बाद साइबर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि ठगों ने बेहद सुनियोजित तरीके से तकनीक का इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम दिया।










