टोंक छिलरी की प्रिंसिपल संजू नेहरा का भव्य सम्मान

ग्राम पंचायत ने नवाचार, उत्कृष्ट परिणाम और विकास कार्यों को सराहा

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
झुंझुनूं I जिले के टोंक छिलरी गांव में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रिंसिपल एवं पीईईओ संजू नेहरा को ग्राम पंचायत द्वारा भव्य समारोह में सम्मानित किया गया। पंचायत भवन में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में उन अधिकारियों और कार्मिकों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने दायित्वों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए क्षेत्र को नई दिशा दी। प्रिंसिपल संजू नेहरा को यह सम्मान विद्यालय में गत शैक्षणिक सत्र के दौरान किए गए नवाचारों, उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए प्रदान किया गया। समारोह में उन्हें साफा पहनाकर एवं मुंह मीठा करवाकर सम्मानित किया गया, साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। उप सरपंच किशनलाल गुर्जर ने बताया कि संजू नेहरा के नेतृत्व में विद्यालय ने नई ऊंचाइयों को छुआ है। शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया गया, जिससे विद्यालय की पहचान पूरे क्षेत्र में मजबूत हुई है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे समाजसेवी पूर्ण सिंह शेखावत ने कहा कि संजू नेहरा ने न केवल शिक्षा स्तर को ऊंचा उठाया, बल्कि भामाशाहों को प्रेरित कर विद्यालय विकास में सहयोग भी सुनिश्चित किया। उनके नेतृत्व में स्टाफ की टीम भावना और समर्पण ने स्कूल को नई पहचान दिलाई है। इस अवसर पर प्रधानाचार्य भागीरथसिंह गुर्जर, व्याख्याता मुकेश कुमार शर्मा, प्रहलाद सिंह डूडी, बाबूलाल सैनी, वर्षा कुमारी एवं ग्राम विकास अधिकारी रिछपाल पूनियां सहित अन्य कार्मिकों का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में वार्ड पंच रक्षपाल सिंह शेखावत, रामकुमार नेचू, टीकम सिंह, ताराचंद मूंड, मंजू देवी, रामलाल सैनी, महेंद्र मूंड सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।