खेतड़ी में ट्रस्ट की नितियों के विरोध में कस्बा रहा बंद

एसडीएम कार्यालय के सामने विरोध जताकर सौंपा ज्ञापन

खेतड़ी । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
खेतड़ी ट्रस्ट की नितियों के विरोध में शुक्रवार को जनसेवा समिति के आह्वान पर कस्बा बंद रहा। इस दौरान एसडीएम को ज्ञापन देकर उनकी समस्या का जल्द समाधान करवाने की मांग की है। एसडीएम सुनील कुमार चौहान को दिए ज्ञापन में बताया कि भोपालगढ़ फोर्ट का रास्ता आमजन की आवाजाही के लिए खुला रहना चाहिए। मार्ग पर गेट लगाकर अवरोध खड़ा करना जनहित के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि खेतड़ी कस्बा रियासत कालीन समय के विश्व प्रसिद्ध कस्बा है। रियासत कालीन समय से खेतड़ी में अनेक भवनों, महल एवं किलों का निर्माण करवाया गया था। भोपालगढ़ किला भी ऐतिहासिक रूप से रियासत कालीन समय में बनाया गया था, जिसका उपयोग तत्कालीन समय में सामरिक एवं रिहायसी निवास के लिए किया जाता था। भोपालगढ़ ग्राम में आज भी लोग रहकर अपना जीवन यापन कर रहे हैं। खेतड़ी की राजसी संपत्ति के स्वामित्व को लेकर काफी समय से विवाद है। इसके बावजूद भी ट्रस्ट के लोगों ने कब्जा करने का प्रयास करते हुए मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया। भोपालगढ़ किले के मुख्य द्वार पर गेट लगाने को लेकर क्षेत्र की जनता में काफी आक्रोश है। इसके अलावा खेतड़ी कस्बे में कई स्थानों पर ट्रस्ट ने कब्जा कर आवागमन के रास्ते में दिवार बनाकर रास्तों को बंद किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने भोपालगढ़ किले पर लगाएं बेरिकेट्स को हटाकर सुचारु रूप से चालू करवाने, पूर्व में दर्ज करवाएं गए मुकदमे की निष्पक्ष जांच करवाने, प्राचीन मंदिरों पर किए जा रहे कब्जे हटवाने, केवल वसियत में वर्णित संपत्ति ट्रस्ट को देने, ट्रस्ट द्वारा खेतड़ी क्षेत्र में शिक्षा, छात्रवृत्ति और जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता देने की मांग की। जनसेवा समिति की ओर से पिछले 30 दिनों से धरना दिया जा रहा है, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने बताया कि उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस मौके पर पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गोकुलचंद सैनी, राजकुमार व्यास, राजेश सांखला, सुधीर गुप्ता, विनोद सोनी, नवल किशोर पारीक, महेंद्र पारीक, सीताराम वर्मा, बंटी शर्मा, इंद्राज सैनी, चंदगीराम सैनी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।